दिग्विजय ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव को लिखा पत्र, राष्ट्रीय ध्वज को लेकर की यह मांग

भोपाल। पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस क वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को एक पत्र लिखा है। पत्र में आरएसएस के संस्थापक डॉ हेडगेवार की स्मृति में नागपुर में बने स्मारक में राष्ट्रीय ध्वज को फहराने से रोकने और जब्त किए जाने के मामले को संज्ञान में लाया गया है। दिग्वजय ने कहा कि इस प्रकरण में जब्त राष्ट्रीय ध्वज 20 वर्षों से पुलिस की अभिरक्षा में है। राष्ट्रभक्त नागरिक मोहनीश जबलपुरे झंडे को पुलिस के बंधन से मुक्ति दिला कर राष्ट्रीय पर्व पर ससम्मान फहराना चाहते हैं। इसलिए राष्ट्रीय ध्वज को पुलिस अभिरक्षा से मुक्त कराने में मदद करें।
पत्र में बताया, क्या है मामला
सिंह ने पत्र में लिखा कि नागपुर निवासी सामाजिक कार्यकर्ता मोहनीश जिवनलाल जबलपुरे ने इस संबंध में उन्हें बताया है कि 26 जनवरी 2001 को गणतंत्र दिवस के दिन नागपुर निवासी रमेश कलंबे, उत्तम मेंढे और दिलीप छत्तानी ने रेशम बाग नागपुर स्थित डॉक्टर हेडगेवार स्मारक स्थल पर पहुंच कर राष्ट्र ध्वज तिरंगे को फहराने की कोशिश की थी क्योंकि राष्ट्रीय पर्व पर इस संस्थान के लोग तिरंगा नहीं फहराते थे। स्मारक के कर्मचारियों ने उन्हें झंडा फहराने से रोका। जबलपुरे ने बताया कि वाद विवाद होने के बाद उन तीनों के विरुद्ध डॉ हेडगेवार स्मारक समिति के कर्मचारी सुनील कथले ने राष्ट्रध्वज फहराने की कोशिश करने पर स्थानीय कोतवाली थाने में एफआईआर दर्ज करा दी थी। ये उसी विचारधारा के लोग हैं जिन्होंने नागपुर के संघ मुख्यालय में 15 अगस्त और 26 जनवरी पर कई दशकों तक राष्ट्रीय ध्वज नहीं फहराया था।
न्यायालय कर चुका दोष मुक्त
राष्ट्रीय ध्वज को डॉक्टर हेडगेवार स्मारक समिति के कार्यालय में लगाने का मुकदमा स्थानीय न्यायालय में 12 वर्ष तक चला। सन 2013 में न्यायालय ने फैसला सुनाते हुए तीनों अपराधियों को धारा 143, 148, 448, 323, 504, 506 बी और 149 से दोषमुक्त कर दिया और पुलिस द्वारा जब्त तिरंगे झंडे को जिला अधिकारी के यहां रखने का आदेश दिया गया। दिग्विजय ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री से कहा कि विगत 20 वर्षों से राष्ट्र गौरव तिरंगा झंडा सरकारी रिकॉर्ड में ही रखा है। सामाजिक कार्यकर्ता मोहनीश जबलपुरे इस झंडे को प्राप्त कर राष्ट्रीय पर्व पर सार्वजनिक स्थल में फहराना चाह रहे हैं। जबलपुरे का कहना है कि सरकारी रिकॉर्ड में 20 वर्ष से रखें राष्ट्रध्वज को बंधन से मुक्त कराया जाना चाहिए। दिग्विजय नेउद्धव ठाकरे से अनुरोध किया है कि देश की आन-बान और शान के लिए जिस तिरंगे को हाथों में लेकर लाखों स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों ने अंग्रेजों के खिलाफ लड़ाई लड़ी और अपने प्राणों की आहुति दे दी, उस तिरंगे को सरकारी बंधन से आजाद कराते हुए युवा समाजसेवी मोहनीश जबलपुरे को राष्ट्रीय पर्व पर फहराने के लिए सौंपा जाना चाहिए।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS