दिग्विजय का ज्योतिरादित्य पर बड़ा हमला, कहा- पीढ़ी दर पीढ़ी चलती है गद्दारी, यह भी बोले

भोपाल। मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि इतिहास गवाह है कि एक व्यक्ति गद्दारी करता है तो पीढ़ी दर पीढ़ी गद्दारी करती है। इस हमले को पलटवार के तौर पर देखा जा रहा है। शनिवार को सिंधिया ने दिग्विजय के गढ़ राघौगढ़ में जाकर उनके खास पूर्व विधायक मूल सिंह के बेटे को भाजपा में ज्वाइन कराया था और दिग्विजय पर कई आरोप लगाए थे। दोनों नेता कल गुना जिले में ही थे।
एक-एक विधायक का ले गए 25-25 करोड़ रुपए
शनिवार को ज्याेतिरादित्य राघौगढ़ में थे और दिग्विजय पास के ही कस्बे मधुसूदनगढ़ के एक कार्यक्रम में। दिग्विजय ने कहा कि विधानसभा चुनाव के बाद कांग्रेस की सरकार तो बन गई थी लेकिन सिंधिया ने गद्दारी की और कांग्रेस छोड़कर चले गए। इतना ही नहीं 25-25 करोड़ रुपए ले गए एक-एक विधायक का। उन्होंने कहा कि वे कांग्रेस के साथ गद्दारी कर गए, ऐसा किसने सोचा था। सिंह ने कहा कि इतिहास इस बात का साक्षी है कि एक व्यक्ति गद्दारी करता है, तो उसकी पीढ़ी दर पीढ़ी गद्दारी पे गद्दारी करती है। इसलिए सोच समझ कर गद्दारी करना।
सिंधिया ने पहली बार ली थी राघौगढ़ में सभा
दिग्विजय के बयान को सिंधिया की आमसभा के पलटवार के रूप में देखा जा रहा है। बता दें, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शनिवार को पहली बार दिग्विजय के गृहनगर राघोगढ़ में सभा की थी और उनसे जुड़े एक युवा नेता को कांग्रेस से तोड़कर भाजपा में शामिल कराया था। सिंधिया इससे पहले केवल एक बार किले पर पहुंचे थे, जब जयवर्धन सिंह ने उन्हें भोजन पर बुलाया था। सिंधिया ने कल अपने भाषण के दौरान एक बार भी न तो दिग्विजय सिंह का नाम लिया और न ही जयवर्धन सिंह का, लेकिन बिना नाम लिए खासे हमले किए थे।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS