आग बुझाने घर में घुसा इंजीनियर जिंदा जला, सीढ़ियों पर मिला शव

भोपाल। कृषि यांत्रिकीय विभाग के एक इंजिनीयर की जलने से मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि उनके घर में आग लग गई थी। लोगों ने उन्हें अंदर जाने से मना किया फिर भी वे आग बुझाने के इरादे से घर में घुस गए। लेकिन धुआं और आग की चपेट में आने के कारण वे सीढ़ियों पर ही गिर गए और जलने से उनकी मौत हो गई। एक घंटे बाद जब फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने आग बुझाई तब सीढ़ियों पर उनका जला हुआ शव मिला।
पहली मंजिल से निकलता दिखा धुआं
रात करीब साढ़े 11 बजे भोपाल के बागमुगलिया की पेबल-बे कॉलोनी के एक घर मेें आग लगी थी। बताया जा रहा है कि यह घर 55 वर्षीय अनिल पोरवाल का है। वे संचालनालय कृषि अभियांत्रिकी में कृषि यंत्री के पद पर पदस्थ थे। उनके परिवार में पत्नी और एक बेटी भी थी। रात में करीब 11 बजे वे अपने कुत्ते को घुमाने के बाद परिवार के साथ घर में बैठे थे। तभी उन्हें मकान की पहली मंजिल से धुआं निकलता दिखाई दिया। तुरंत उन्होंने दौड़कर पहली मंजिल पर देखा तो आग काफी बढ़ चुकी थी। उन्होने तुरंत बच्ची और पत्नी को बाहर निकाला। इस दौरान सभी आस-पास के लोग भी मौके पर पहुंच गए थे। मोहल्ले वालों ने फायर ब्रिगेड को भी कॉल कर दिया था। लेकिन फिर भी अनिल आग बुझाने के इरादे से घर में चले गए। करीबन 45 मिनट बाद पहुंची फायर ब्रिगेड ने एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया था।
सीढ़ियों पर मिला शव
बागसेवनिया थाना प्रभारी संजीव चौकसे के अनुसार जैसे ही घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी। आग बुझाने के बाद परिजन के साथ पुलिस पहली मंजिल पर गई तो देखा कि अनिल पोरवाल का जला हुआ शव सीढ़ियों पर पड़ा था। आग से उनका शव बुरी तरह झुलसा हुआ था। अनुमान लगाया जा रहा है कि अनिल सीढ़ियों से ऊपर जा रहे थे, तभी धुआं और आग की चपेट में आने से वे सीढ़ियों पर ही गिर गए। पुलिस ने संभावना जताते हुए कहा कि जिस कमरे में आग लगी थी उसमें शायद अनिल का कुछ कीमती सामान रखा हुआ था। परिजनों और पड़ोसियों ने उन्हें ऊपर जाने से मना भी किया था। बताया जा रहा है कि घर में शार्ट सर्किट के कारण आग लगी थी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS