ईओडब्ल्यू का छापा: बिशप के घर से 1.65 करोड़ कैश के साथ मिली विदेशी करेंसी, बच्चों की फीस धार्मिक संस्थाओं काे की ट्रांसफर, बिशप पर ये आरोप

भोपाल। आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने गुरुवार सुबह जबलपुर में 'द बोर्ड ऑफ एजुकेशन चर्च ऑफ नार्थ इंडिया' के चेयरमैन बिशप पीसी सिंह के घर और ऑफिस पर छापा मारा। इस दौरान टीम को प्रारंभ में ही 1.65 करोड़ रुपए नगद मिले हैं। इसके साथ 18 हजार यूएस डॉलर के रूप में विदेश करेंसी भी बरामद की गई है। बिशप पर सोसायटी के स्कूलों को फीस के रूप में मिले ढाई करोड़ रुपए से ज्यादा के घोटाले का आरोप है। यह राशि उन्होंने निजी कामों में खर्च करने के साथ धार्मिक संस्थानों को ट्रांसफर कर दी। कार्रवाई के दौरान बिशप घर में नहीं थे। वे जर्मनी गए हैं। ईओडब्ल्यू की टीम को घर में उनका बेटा मिला।
वित्तीय वर्ष 2004-05 से 2011-12 के बीच की गड़बड़ी
ईओडब्ल्यू द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार द बोर्ड ऑफ एजुकेशन चर्च ऑफ नार्थ इंडिया डायोसिस के चेयरमैन बिशप पीसी सिंह और तत्कालीन असिस्टेंट रजिस्ट्रार बीएस सोलंकी के खिलाफ 2.7 करोड़ के फीस घोटाले का आरोप है। संस्था को अलग-अलग शैक्षणिक संस्थाओं में पढ़ रहे स्टूडेंट्स की फीस से ये रुपए मिले थे। बिशप ने इन पैसों को धार्मिक संस्थाओं को ट्रांसफर और खुद के निजी कामों में खर्च करके पद का दुरुपयोग किया। यह गड़बड़ी वित्तीय वर्ष 2004-05 से 2011-12 के बीच की बताई गई है। अधिकारियों ने बताया कि दबिश के दौरान संस्था के चेयरमैन के गबन के दस्तावेज, टीम खोज रही है। उन पर आरोप है कि उन्होंने संस्था का मूल नाम भी बिना अधिकृत स्वीकृति के खुद ही बदल दिया। साथ ही वह अपनी मर्जी से संस्था के चेयरमैन बन गए।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS