रतलाम में फर्जी महिला पुलिस गिरफ्तार, मास्क न पहनने वालों से कर रही थी वसूली

रतलाम। मध्यप्रदेश के रतलाम में पुलिस ने एक फर्जी महिला पुलिस को धरदबोचा है। फर्जी महिला पुलिस रतलाम के बस स्टैंड पर बगैर मास्क लोगों पर कार्रवाई के नाम पर जुर्माना वसूल रही थी। कुछ लोगों ने पुलिस थाने में वसूली की शिकायत की, जिसके बाद महिला से पूछताछ की गई तो मामले का खुलासा हुआ। पुलिस की वर्दी पहन कर वसूली करने वाली महिला को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।
घटना रतलाम के बस स्टैंड की है, जहां एक महिला पुलिस की वर्दी पहन कर लोगों से मास्क नहीं लगाने के नाम पर जुर्माने के नाम पर वसूली कर रही थी। फर्जी महिला पुलिसकर्मी 500 रुपये जुर्माना वसूल रही थी और 500 रुपये नहीं होने पर 100 रूपये की वसूली कर रही थी। कुछ लोगों ने पुलिस थाने में पुलिसकर्मी द्वारा वसूली की शिकायत की, जिसके बाद पुलिस जवान बस स्टैंड पहुंचे और पुलिस वर्दी में महिला को देखा और उससे थाना क्षेत्र की जानकारी ली तो महिला पुलिस ने अपना थाना जावरा बताया, लेकिन जावरा थाने द्वारा महिला के थाने पर नियुक्ति से इंकार किया गया, जिसके बाद महिला को थाने ले जाकर पूछताछ की गई।
महिला ने पूछताछ के दौरान फर्जी वर्दी पहन कर वसूली करना स्वीकार कर लिया। महिला का नाम निकिता बताया जा रहा है। आरोपी फर्जी पुलिस निकिता मंदसौर की रहने वाली है। फिलहाल गिरफ्तार फर्जी पुलिस महिला को न्यायालय में पेश किया गया है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS