Ganesh Chaturthi 2023 : लगातार तीसरे साल गणेशोत्सव 11 की जगह 10 दिन का होगा

भोपाल। गणेश चतुर्थी से अनंत चतुर्दशी तक चलने वाला गणेशोत्सव इस बार 11 की जगह 10 दिन का होगा। इसकी वजह है कि 23 सितंबर को अष्टमी और नवमी तिथि एक साथ पड़ रही है। गणेशोत्सव का शुभारंभ 19 सितंबर को होगा। जबकि समापन अनंत चतुर्दशी पर 28 सितंबर को होगा। ऐसा लगातार तीसरी बार है, जब तिथि का क्षय गणेशोत्सव में हुआ है।2021 और 2022 में गणेशोत्सव 10-10 दिन का ही रहा था। हालांकि उसके पहले 2018, 2019 और 2020 में गणेशोत्सव पूरे 11-11 दिन का ही रहा था। इस दौरान किसी भी तिथि का क्षय नहीं हुआ था। बीते पांच साल में 3 बार गणशोत्सव 11-11 दिन का रहा। जबकि दो बार 10-10 दिन ही गणेशोत्सव की धूम रही। मां चामुण्डा दरबार के पुजारी गुरू पं. रामजीवन दुबे ने बताया कि तिथियों के क्षय के कारण ऐसी स्थिति बनती है। इसीलिए कभी गणेशोत्सव 11 दिन का तो कभी 10 दिन का रहता है।
उत्सव के नजदीक आते ही तैयारियां शुरू
गणेशोत्सव के नजदीक आते ही आयोजन समितियों द्वारा भी तैयारी शुरू कर दी गई है। राजधानी में बड़े स्तर पर पंडाल लगाए जा रहे हैं। मूर्ति बनाने वाले कलाकार मूर्तियों को अंतिम रूप देने में लगे हैं। राजधानी में 10 दिनी उत्सव के लिए शहर में छोटी-बड़ी गणेश प्रतिमाएं बनकर लगभग तैयार हो चुकी हैं। कई जगह तो प्रतिमाओं की ऊंचाई 15 फीट से भी अधिक देखने को मिलेगी। भोपाल में बड़े-छोटे मिलाकर 500 से ज्यादा स्थानों पर पंडाल सजाए जाते हैं। इनमें 5 फीट से 15 फीट और उससे अधिक ऊंचाई की गणेश प्रतिमाएं स्थापित की जाती है। भोपाल में घरों से लेकर पंडाल तक में 15,000 से ज्यादा गणेश प्रतिमाओं की स्थापना की जाती है। इसी के हिसाब से मूर्तियों का निर्माण शहर के कलाकार कर रहे हैं।
सजाए जा रहे पंडाल...
राजधानी के गणेश मंदिरों में आकर्षक साज सज्जा की जा रही है। इसी प्रकार चौक चौराहों पर भी पंडाल सजाए जा रहे हैं। गणेश उत्सव के चलते शहर में जगह-जगह आकर्षक लाइटिंग की जा रही है। छोला स्थित सिद्धि विनायक मंदिर को दुल्हन की तरह सजाया जा रहा है। यहां पर आकर्षक लाइटिंग की जा रही है। वहीं भेल के पिपलानी सी सेक्टर स्थित श्री गणेश मंदिर पिपलानी में भी जोर-शोर से तैयारियां चल रही है। यहां विशेष पंडाल बनाया जा रहा है।
पंडालों में दिखेगी हरियाली व स्वच्छता की झलक
राजधानी में इस बार करीब 500 स्थानों पर गणेश प्रतिमाओं की स्थापना की जाएगी। इस बार आकर्षक पंडाल सजने की तैयारियां की जा रही हैं। अधिकांश पंडालों में इस साल पर्यावरण संरक्षण, सुरक्षा और स्वच्छ भोपाल के संदेश दिए जाएंगे।
पीपल चौक में फूलों से होगी सजावट
पीपल चौक की गणेशोत्सव डोल ग्यारस समारोह समिति की ओर से इस बार झांकी में विद्युत सज्जा के साथ पर्यावरण व स्वच्छता का संदेश देने फूलों और पत्तियों से सजावट की जाएगी।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS