Ganesh Chaturthi 2023 : चांदी के सिंहासन में विराजेंगे भोपाल के महाराजा

Ganesh Chaturthi 2023  : चांदी के सिंहासन में विराजेंगे भोपाल के महाराजा
X
शहर में गणेशोत्सव की तैयारियां अब अंतिम चरण में हैं। इस बार शहर के प्रमुख स्थानों पर मिट्टी से बनीं गणेशजी की प्रतिमाएं स्थापित होंगी।

भोपाल। शहर में गणेशोत्सव की तैयारियां अब अंतिम चरण में हैं। इस बार शहर के प्रमुख स्थानों पर मिट्टी से बनीं गणेशजी की प्रतिमाएं स्थापित होंगी। समितियों द्वारा पंडालों को भव्य रूप दिया जा रहा है। साथ ही आकर्षक और थीम बेस्ड झाकियां तैयार की जा रही है। गणेश उत्सव की शुरूआत 19 सितंबर से होगी, हालांकि 18 को भी चतुर्थी तिथि होने से कुछ स्थानों पर 18 सितंबर को भी गणेशजी की स्थापना की जाएगी। पुराने शहर के पीपल चौक में 18 सितंबर को गणेशजी की स्थापना होगी। इसी प्रकार न्यू मार्केट सहित अन्य स्थानों पर 19 को स्थापना की जाएगी। शहर के कई सामाजिक व धार्मिक संगठन ईको गणेश प्रतिमाएं बनाने की कार्यशाला आयोजित कर रहे हैं। हलांकि बारिश के कारण बाजार में गणेश प्रतिमांए कम ही दिखाई दे रही है। मूर्तिकारों व धार्मिक संगठनों को मौसम के खुलने का इंतजार है।

मंदिरों में भक्तों के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

गजानन के आगमन को लेकर लोगों में उत्साह है। हर कोई उनके आने का इंतजार बेसब्री से कर रहा है। शहर के गणेश मंदिरों में रंगाई-पुताई का काम खत्म हो चुका है। पूरे परिसर में आकर्षक साज-सज्जा की गई है। वहीं चतुर्थी के अवसर पर गणेश मंदिरों में गणेशजी के दर्शन-पूजन के लिए भक्त उमड़ेंगे। भीड़ को देखते हुए मंदिर में सुरक्षा की पूर्ण व्यवस्था कर ली गई है। वहीं विभिन्न समाजिक व धार्मिक संगठनों द्वारा शहर के 5000 से ज्यादा जगहों पर गणेश प्रतिमा स्थापित की जाएंगी। जिसमें गणेश जी अलग-अलग अवतारों में नजर आएंगे।

गणेशोत्सव में सजेगी आकर्षक झांकी

न्यू मार्केट व्यापारी महासंघ व्यापारी गणेश उत्सव समिति की ओर से गणेश उत्सव के दौरान आकर्षक झांकी सजाई जाएगी। यहां लालबाग के राजा की तर्ज पर झांकी सजेगी। यह झांकी लगभग चार लाख की लागत से तैयार होगी। आयोजक मुकेश गोयल ने बताया कि लालबाग राजा के साथ रिद्धि सिद्धि और शिव पार्वती की भी झांकी रहेगी। परिसर में मेला लगाया जाएगा। सुरक्षा की दृष्टि से यहां सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। झांकी स्थल पर लोगों को पर्यावरण बचाने और सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग न करने का संदेश भी दिया जाएगा।

कोलार के प्रेम मंदिर में विराजेंगे भगवान गणेश

लालबाग के राजा गणेश उत्सव समिति बीमा कुंज कोलार रोड में वृंदावन के प्रेम मंदिर की झांकी सजाई जाएगी व लालबाग के राजा के स्वरूप में भगवान गणेश की स्थापना होगी। इसके लिए कलाकारों द्वारा प्रेम मंदिर की प्रतिकृति तैयार की जाएगी। झांकी निर्माण का कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा। आपको बता दें यहां चांदी के सिंहासन में भगवान गणेश विराजेंगे। समिति के प्रमोद शर्मा ने बताया गणेशोत्सव के लिए घर-घर जाकर लोगों को आमंत्रण दिया जाएगा। यह झांकी 10 लाख से अधिक की लागत से तैयार होगी। धार्मिक स्थलों की प्रतिकृति बनाकर विघ्नहर्ता की स्थापना की जाएगी। इसी तरह शहर के अनेकों स्थान पर भगवान गणेश के विभिन्न अवतार में जगर आएंगे। जिसमे वे विविध रंग-रोगन में होंगे। इतवारा, मंगलवारा, न्यूमार्केट, अशोका गार्डन , नए भोपाल के शक्ति नगर, अलका नगर, बागसेवनियां, मिसरोद, करोंद हर जगह पर बप्पा के नाम की धूम रहेगी।

पीपल चौक में विराजेंगे भोपाल के महाराजा

शहर के सबसे लोकप्रिय और पुराने शहर के शान भोपाल के महाराजा इस वर्ष भी पीपल चौक में उसी उत्साह और चमक-धमक से विराजेंगे। यह सबसे पुरानी प्रतिमाओं में से एक है। यहां गणेश जी भोपाल के राजा के रूप में भक्तों को दर्शन देते हैं। जिनको देखने के लिए लोगों का तांता लगा रहता है। समिति के सचिव दीपक गोयल ने बताया कि चौक में भगवान गणेश अपने पूरे परिवार के साथ बिराजते हैं।

साकेत नगर में स्थापित होंगे दगडू सेठ

साकेत नगर स्थित भीमसेन जोशी परिसर में इस वर्ष बप्पा के अनेकों रूपों में से दगडू सेठ गणेश जी विराजेंगे। मूर्ति का निर्माण सुगंधा माटेगांवकर ने किया है। पुणे की तर्ज पर दगडू सेठ और पेशवाई पगड़ी वाले गणेश इस वर्ष भक्तों के बीच खास आकर्षण का केन्द्र होंगे। इसके अलावा मैसूर पगड़ी और कोच पगड़ी वाले गणेशजी भी यहां देखे जा सकते हैं।

गणेश के साथ सजेगी भोलेनाथ की झांकी

पुराना कबाड़खाना क्षेत्र में नवयुवक गणेश उत्सव समिति की ओर से भगवान गणेश की आकर्षक झांकी सजाई जाएगी। यहां 19 अगस्त को स्थापना होगी। यहां 13 फीट के भगवान गणेश खास आकर्षण का केंद्र होंगे, इसके साथ ही भगवान भोलेनाथ की भी झांकी सजाई जाएगी।समिति के सोनू ठाकुर ने बताया कि गणेश उत्सव के दौरान यहां विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन होंगे, साथ ही भगवान को छप्पन भोग लगाया जाएगा।

Tags

Next Story