इमरती का दावा : अभी और कांग्रेसी आयेंगे भाजपा में, नागपंचमी पर सिंधिया की फोटो ट्वीट करने पर पलटवार

ग्वालियर। आज देश भर में नाग पंचमी का त्यौहार मनाया जा रहा है। इस साल नाग पंचमी का त्यौहार काफी खास होने वाला है। ज्योतिषविदों का दावा है कि नाग पंचमी पर इस साल शिव योग बन रहा है। यह योग 20 साल बाद आया है। इससे पहले नाग पंचमी पर शिव योग साल 2000 में बना था। मध्यप्रदेश में भी लोग अपनी-अपनी मान्यताओं के अनुसार नाग पंचमी का त्यौहार मना रहे हैं। इस बीच पूर्व कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव ने ट्वीट के जरिए लोगों को नागपंचमी की बधाई दी। उनका नागपंचमी का ट्वीट चर्चा में आ गया, क्योंकि उन्होंने ज्योतिरादित्य सिंधिया की तस्वीर शेयर कर नागपंचमी की शुभकामनाएं दी थीं।
🐍#NaagPanchami pic.twitter.com/2G1tnHJ5Ji
— Arun Yadav 🇮🇳 (@MPArunYadav) July 25, 2020
कांग्रेस नेता अरुण यादव के नाग पंचमी पर किए गए ट्वीट में ज्योतिरादित्य सिंधिया का फोटो होने पर सिंधिया की कट्टर समर्थक और मध्य प्रदेश सरकार की कैबिनेट मंत्री इमरती देवी ने पलटवार किया है। इमरती देवी ने कहा पहले अरुण यादव खुद देख लें कि कांग्रेस में दिग्विजय सिंह सांप हैं या कमलनाथ है या वे खुद हैं यह सब मिलकर अपनी ही पार्टी कांग्रेस को खा रहे हैं... सब डस डस के पार्टी को खत्म कर रहे हैं। सिंधिया तो जनसेवक हैं वे शेर है और जनता के लिए काम करते हैं।
इमारती देवी ने कांग्रेस के विधायकों की खरीद-फरोख्त के सवाल पर कहा कि खुद तो अपनी पार्टी संभाल लें। कांग्रेस पार्टी के लोग हैं उन्हें तो वह उपचुनाव में टिकट दे नहीं रहे हैं। उन्होंने डबरा से असली कांग्रेसी वृंदावन कोरी और करैरा से शकुंतला खटीक को कांग्रेस से टिकट देने की वकालत की।
इमरती देवी ने कहा कि चुनाव तो शुरू होने दो अभी तो और कांग्रेस के विधायक आएंगे भाजपा में।
इस पर पूर्व मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष बालेंदु शुक्ल का बयान भी सामने आया है। अरुण यादव के नाग पंचमी पर जारी किए गए ट्वीट के संबंध में उन्होंने कहा कि उनकी जानकारी के अनुसार सिंधिया परिवार का राज चिन्ह में दो सांपों के बीच में सूरज है और यह तो उनका रियासत का चिन्ह है। फिर भी वे अपने दोस्त माधव सिंधिया के बेटे यानी अपने भतीजे ज्योतिरादित्य सिंधिया को शुभकामनाएं व्यक्त करते हैं।
बालेन्दु शुक्ल ने चुटकी लेते हुए कहा कि वैसे भी काम तो वे कुछ इसी तरह के कर रहे हैं।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS