मध्यप्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी का दावा- पंचायत चुनाव में कांग्रेस के धुरंधरों का सूपड़ा साफ, भाजपा ने जीतीं 85 फीसदी सीटें

भोपाल। मध्यप्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा ने शनिवार को मीडिया से बातचीत में दावा किया है कि पंचायत चुनावों में भाजपा को अभूतपूर्व सफलता मिली है। पार्टी ने प्रदेश की 85 फीसदी सीटों में जीत दर्ज की है और कांग्रेस के धुरंधरों का उनके क्षेत्र में ही सूपड़ा साफ हो गया है।शर्मा ने मीडिया से बात करते हुए भाजपा को समर्थन देने के लिए मतदाताओं का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने प्रत्येक बूथ पर लगातार काम करने वाले कार्यकर्ताओं को बधाई दी। उन्होंने आशा जताई कि नगर निकाय के चुनावों में भी भाजपा को जनता का ऐसा ही आशीर्वाद मिलेगा।
52 में से 44 जिला पंचायतों में भाजपा को बहुमत
प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने मीडिया को ग्रामीण निकाय चुनाव के परिणामों की जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश की 52 जिला पंचायतों में चुनाव हुए थे, जिनमें से 44 जिला पंचायतों में भाजपा को ऐतिहासिक बहुमत मिला है। 84 प्रतिशत जिला पंचायतों में भाजपा को सफलता मिली है। शर्मा ने कहा कि 8 अन्य जिलों में भी भाजपा की जिला पंचायत बनाने के लिए प्रयास चल रहे हैं। इनमें से 3 जिलों में थोड़ी कठिनाई रही है, लेकिन 29 तारीख को स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।
जनपद पंचायतों में 74.44 प्रतिशत सफलता
शर्मा ने कहा कि प्रदेश की 313 जनपद पंचायतों में से 233 में भाजपा के लोग जीते हैं। इस हिसाब से इनमें भाजपा की सफलता दर करीब 74.44 फीसदी रही है। श्री शर्मा ने कहा कि बचे हुए स्थानों से भी अभी पार्टी के पक्ष में जानकारी मिल रही है और 27-28 तारीख को और भी बेहतर स्थिति सामने आने की उम्मीद है।
19863 पंचायतों में भाजपा के सरपंच
शर्मा ने कहा कि प्रदेश की 22924 पंचायतों में चुनाव हुए थे। इनमें से 19863 पंचायतों में भाजपा समर्थित सरपंच चुने गए हैं। इसके अनुसार प्रदेश की 87 प्रतिशत पंचायतों में सरपंच भाजपा के रहेंगे। श्री शर्मा ने कहा कि पंचायत चुनाव में सबसे खास बात यह रही कि 650 पंचायतों में भाजपा के प्रत्याशी निर्विरोध जीते हैं।
कांग्रेस के धुरंधरों का सूपड़ा साफ
शर्मा ने कहा कि ग्रामीण निकाय चुनाव में प्रदेश की जनता ने गुंडिज्म और तिकड़म की राजनीति करने वाले कांग्रेस के धुरंधरों को अच्छा सबक सिखाया है। गुना में दिग्विजयसिंह का सूपड़ा साफ हो गया है। नेता प्रतिपक्ष गोविंद की विधानसभा में आने वाली चार में तीन जनपद पंचायतों में कांग्रेस के प्रत्याशी हार गए। इंदौर में मतदाताओं ने कांग्रेस को सबक सिखाया है और भिंड में कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो गया है। अल्पसंख्यकों को अपना वोटबैंक मानकर राजनीति करने वाली कांग्रेस को बुरहानपुर के मतदाताओं ने ऐसा सबक सिखाया है कि कांग्रेस कभी भूलेगी नहीं। बुरहानपुर के मतदाताओं ने कांग्रेस मुक्त जिला पंचायत बनाई है। छिंदवाड़ा में भी कांग्रेस की स्थिति ठीक नहीं रही है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS