मध्यप्रदेश सरकार देगी वृक्ष वीर और वृक्ष वीरांगना पुरस्कार, जानिए मुख्यमंत्री ने किस कार्यक्रम मेें की यह घोषणा

भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने घोषणा की है कि सरकार प्रदेश में हर वर्ष वृक्ष वीर और वृक्ष वीरांगना पुरष्कार प्रदान करेगी। यह पुरस्कार पौधारोपण में विशेष कार्य करने पर दिया जाएगा। मुख्यमंत्री चौहान ने अपने वृक्षारोपण के संकल्प का एक वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में गुरूवार को आयोजित एक कार्यक्रम में यह घोषणा की। मुख्यमंत्री ने भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश एवं पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा के साथ तात्या टोपे नगर स्टेडियम जैन मंदिर एबीडी एरिया में सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी एवं नागरिकों के साथ वृक्षारोपण किया। इस दौरान 365 से अधिक पौधे रोपित किए गए। वृक्षारोपण के संकल्प का एक वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में गुरूवार को भाजपा के कार्यकर्ताओं ने प्रदेश भर में वृक्षारोपण किया।
वृक्षों से ही बची है धरती
मुख्यमंत्री चौहान ने प्रदेश की सभी संस्थाओं को धन्यवाद देते हुए कहा कि 19 फरवरी 2021 से नर्मदा जयंती के दिन अमरकंटक से प्रारंभ यह वृक्षारोपण अभियान जो एक दिन भी नहीं रूका निरंतर चलता रहा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यह तय किया कि भारत पर्यावरण संरक्षण के संकल्प को पूरा करेगा। इसलिए 2070 तक नेट 0 का लक्ष्य रखा है, जिसके तहत कार्बन उत्सर्जन को रोकेंगे। ऐसे अनेकों प्रकार के प्रयास किये जा रहे हैं, लेकिन इनमें प्रमुख प्रयास वृक्षारोपण है। हमें हर खुशी के मौके पर पौधा लगाना चाहिए, क्योंकि वृक्षों से ही धरती बची हुई है।
जन्मदिन पर पोस्टर, होर्डिंग नहीं, पौधे लगाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब मेरे जन्म दिन पर न बुके, न माला और न ही पोस्टर होर्डिंग लगाएं, अब मेरे जन्मदिन पर पेड़ लगाएं, पौधारोपण से मेरा जन्मदिन सार्थक हो जाएगा। सीएम ने कहा कि अंकुर अभियान के तहत पेड़ लगाए और फ़ोटो को अपलोड करें। जो यह रचनात्मक कार्य करेंगे उन्हें वृक्ष वीर और वृक्ष वीरांगना कहा जायगा और पुरस्कृत भी किया जाएगा।
शिव प्रकाश, वीडी ने दी बधाई
भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने कहा कि समाज का कल्याण करने वाले इस शुभ कार्य के मुख्यमंत्री एवं सामाजिक संस्थाएं बधाई के पात्र हैं। पार्टी राजनीतिक के साथ ही समाज कल्याण के लिए हर दिशा में योगदान दे रही है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि आज पार्टी गौरवान्वित है, क्योंकि पार्टी कार्यकर्ता मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रतिदिन पौधा लगाने का संकल्प लिया और 19 फरवरी को 365 दिन पूरे हुए हैं।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS