तीन दिन बाद गिरेगा मावठा, कम होगा दिन का तापमान

भोपाल। मौसम विभाग ने प्रदेश के 10 से अधिक जिलों में मावठा गिरने का अनुमान लगाया है। अभी मध्यप्रदेश में दिन का पारा 25 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच चल रहा है। अगले एक सप्ताह के दौरान रात का पारा तो ज्यादा नहीं गिरेगा, लेकिन दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। अनुमान है कि 12 दिसंबर से कई जिलों में बादला छाएंगे, जिससे मावठा गिर सकता ह।
प्रदेश में अभी अधिकांश इलाकों में हल्के बादल हैं। इस कारण दिन में सूरज की तपिश कम है। बंगाल की खाड़ी में समुद्री चक्रवात मंदौस एक्टिव है। इससे प्रदेश के अधिकांश इलाकों में अगले एक सप्ताह तक बादल छाए रहेंगे। रविवार से मौसम में बदलाव नजर आने लगेगा। इस दौरान 12 दिसंबर से 16 दिसंबर तक प्रदेश के कई इलाकों में बारिश होने की संभावना है। चक्रवात मंदौस 10 की रात तक चेन्नई तक पहुंच जाएगा। अगले दो दिन में यह भारत से होते हुए अरब सागर में प्रवेश करेगा। 12 दिसंबर से इसका असर मध्यप्रदेश में दिखाई देने लगेगा। इससे बारिश की संभावना बढ़ जाएगी।
इन जिलों में गिर सकता है मावठा
12 दिसंबर की रात से बड़वानी, बैतूल, इटारसी, भोपाल, इंदौर, सागर, रीवा, छिंदवाड़ा और शहडोल में हल्के बादल रह सकते हैं। बूंदाबांदी के आसार भी हैं। 13 दिसंबर की रात रीवा, सागर, भोपाल, बड़वानी, छिंदवाड़ा, इटारसी, दमोह और उमरिया में हल्की बारिश हो सकती है। इसी दिन शाम तक बड़वानी, इंदौर, भोपाल, सागर, रीवा, सिंगरौली, बैतूल और खंडवा में बादल छाने से बूंदाबांदी होने की संभावना है।
एक सप्ताह के मौसम में रहेगा बदलाव
मौसम वैज्ञानिक वेदप्रकाश सिंह का कहना है कि बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवात तीव्र होता जाता है। इसका केंद्र चेन्नई के आसपास बना है। इसके कारण मध्यप्रदेश में अगला एक सप्ताह मौसम के लिहाज से उथल-पुथल भरा रहेगा। पहले तो तापमान में बढ़ोतरी होगी, लेकिन फिर बादल, बारिश और तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। इसका मुख्य केंद्र इंदौर, भोपाल, जबलपुर और सागर रहेगा। यहां दिन का तापमान 20 डिग्री से भी नीचे आ सकता है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS