घर में घुसकर बदमाशों ने बुजुर्ग महिला से लूट लिए गहने, मारपीट से हुईं घायल

घर में घुसकर बदमाशों ने बुजुर्ग महिला से लूट लिए गहने, मारपीट से हुईं घायल
X
लूटे गए गहनों की कीमत लगभग एक लाख तीस हजार रुपये से अधिक बताई जा रही है। पढ़िए पूरी खबर-

रतलाम। जिले के ग्राम शिवपुर में शनिवार दोपहर बदमाशों ने दिनदहाड़े एक घर में घुसकर लूट की वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने घर में सो रही अकेली वृद्धा पर हमला कर उसके गहने छीन लिए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और बदमाशों की खोजबीन शुरु कर दी है।

जानकारी के मुताबिक शिवपुर निवासी शांतिबाई पति धन्नालाल पाटीदार के घर के सब लोग खेत पर गए हुए थे और वृद्धा घर में सो रही थी। दोपहर में अचानक बदमाश उसके घर में घुसे और सोती हुई वृद्धा पर हमला कर दिया। बदमाशों ने सोती हुई शांतिबाई को रजाई से दबा दिया और बड़ी बेरहमी से शांतिबाई के कान के झुमके खींच कर निकाल लिए, जिससे उनके कान कट गए।

बदमाशों ने उनके गले में पहनी हुई सोने की माला और हाथ में पहने हुए सोने के कड़े भी खींच कर निकाल लिए। बदमाशों ने वृद्धा के साथ मारपीट की और उन्हें घायल कर दिया। रजाई में दबी होने के कारण वृद्धा यह भी नहीं देख पाई कि हमलावर कौन है और संख्या में कितने है? वारदात के बाद बदमाश मौके से भाग निकले। शांतिबाई से लूटे गए गहनों की कीमत लगभग एक लाख तीस हजार रुपये से अधिक बताई जा रही है।

वृद्धा का शोरगुल सुनकर पड़ोसियों को घटना की जानकारी मिली, तो उन्होंने फौरन वृद्धा के पोते दीपक को मोबाइल से घटना की खबर दी। खबर मिलने पर शांतिबाई के परिजन घर पहुंचे और घायल शांतिबाई को जिला चिकित्सालय ले गए। जिला चिकित्सालय में शांतिबाई का इलाज किया जा रहा है। जिला अस्पताल की पुलिस चौकी ने मामले की जानकारी सम्बन्धित पुलिस थाने को दी है। पुलिस ने बदमाशों की खोजबीन शुरु कर दी है।

Tags

Next Story