मानसून मेहरबान : अपनी ‘तारीख’ से पहले आ गए बादल, भीगे 19 जिले, दो दिन में पूरा प्रदेश होगा तरबतर

भोपाल। छत्तीसगढ़ और ओड़िशा में गुरुवार को मानसून आने के बाद शुक्रवार को प्रदेश में मानसून ने दस्तक दे दी है। मानसून की आमद के पहले ही शुक्रवार सुबह से घने बादल छाने का दौर शुरु हो गया था। जिसके बाद शहडोल, अनूपपुर, बालाघाट, डिंडोरी, उमरिया, मंडला से मानसून आया जो प्रदेश के भोपाल सहित 19 जिलों में एक्टिव हो गया। अगले दो दिन में पूरा प्रदेश मानसूनी बारिश से भीगेगा। यह सिलसिला महीने के आखिर तक चलेगा। इस दौरान सभी जिलों में भारी बारिश का अलर्ट रहेगा। इधर, मानसून की एंट्री के बाद ज्यादातर जिलों के तापमान में छह डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है।
छिंदवाड़ा में भी बारिश ने मौसम सुहाना कर दिया
मौसम वैज्ञानिक वेदप्रकाश सिंह ने बताया कि शुक्रवार को मानसून ने दस्तक दे दी है। जिसकी आधिकारिक घोषणा शनिवार को की जाएगी। जबलपुर में भी शुक्रवार सुबह पानी गिरा। छिंदवाड़ा में भी बारिश ने मौसम सुहाना कर दिया। पचमढ़ी में इस सीजन की पहली बारिश हुई। सागर, विदिशा, रायसेन और नर्मदापुरम में भी रुक-रुक कर पानी गिरता रहा। शुक्रवार शाम तक भोपाल में 23.6 मिमी यानी 1 इंच के करीब पानी बरस गया।
पचमढ़ी में सबसे कम 29.5 डिग्री तापमान
सिवनी में 21 मिमी, मंडला-रायसेन में 18 मिमी, पचमढ़ी में 14 मिमी, छिंदवाड़ा में 13 मिमी, नर्मदापुरम में 11 मिमी, सागर में 9 मिमी, ग्वालियर में 8 मिमी, खजुराहो में 6 मिमी, जबलपुर में 5 मिमी, इंदौर में 4.8 मिमी, नरसिंहपुर में 4 मिमी, छतरपुर के नौगांव में 3 मिमी, दमोह में 2 मिमी बारिश हुई। पचमढ़ी में सबसे कम 29.5 डिग्री तापमान रहा। वहीं, खजुराहो, सागर में तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भोपाल में पारे में 4 डिग्री की गिरावट हुई और 33.2 डिग्री रहा। इंदौर में पारा 32.5, ग्वालियर में 33.4 और जबलपुर में तापमान 34.5 डिग्री दर्ज किया गया। शिवपुरी, नौगांव, गुना, धार, रतलाम, सिवनी, सतना, छिंदवाड़ा और नर्मदापुरम में भी तापमान में गिरावट हुई। यहां तापमान 35 डिग्री से कम दर्ज किया गया।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS