MP : पति को कंधे पर बैठाकर घुमाने की मिली सजा, अवैध संबंध के शक में महिला से दुर्व्यवहार

झाबुआ। जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र में महिला से दुर्व्यवहार का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इंसानियत को शर्मसार करने वाला यह कृत्य जब हो रहा था तब सैकड़ों ग्रामीण तमाशबीन बने देख रहे थे। दरअसल, पूरा मामला एक महिला को कथित प्रेम प्रसंग के चलते सजा दिए जाने का है। ग्रामीणों ने पीड़ित महिला के ससुराल पक्ष के लोगों के साथ उसके पति को कंधे पर बैठा कर गांव में घुमाये जाने की सजा दी। आरोप है कि इस दौरान महिला के साथ मारपीट भी की गई है।
बताया जा रहा है कि गांव के लोगों के साथ मिलकर ससुराल पक्ष के लोग जब महिला को यह तालिबानी सजा दे रहे थे तब वहां मौजूद लोग इस घटना को रोकने की बजाय अपने मोबाइल से वीडियो बनाने में मशगूल थे। बड़ी बात यह है कि कल्याणपुरा कस्बे में दिनदहाड़े हुई इस घटना की सूचना पुलिस तक को नहीं मिली। घटना को लेकर पीड़ित महिला का आरोप है कि उसके ससुराल पक्ष व गांव के लोगों द्वारा उसके साथ जमकर मारपीट की गई है। वही पीड़ित महिला के पति का कहना है कि उसे गांव के लोगों ने जबरन उसकी पत्नी के कंधों पर बैठाया।उसके मना करने पर उसके साथ भी मारपीट की गई है।
वीडियो के वायरल होने और मीडिया में मामले को लेकर खबर प्रसारित होने के बाद पुलिस हरकत में आई और वीडियो के आधार पर महिला से दुर्व्यवहार करने वाले लोगों की पहचान की गई। कल्याणपुरा पुलिस ने महिला की शिकायत पर महिला के पति वह उसकी सास समेत करीब 20 लोगों के खिलाफ प्रताड़ना का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने पीड़ित महिला के पति व सास समेत वीडियो में नजर आ रहे 7 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं पुलिस शेष अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS