Bhopal: शिवराज सिंह चौहान ने साधा कांग्रेस पर निशाना, बोले - 'जनहित की योजनाओं को बंद कर गरीबों के हक को मारा है'

Bhopal: विकास पर्व के आठवें दिन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सीहोर जिले के ग्राम चकल्दी और गोपालपुर में सभाओं को संबोधित किया। उन्होंने अनेकों सौगातें देते हुए चकल्दी में कॉलेज और गोपाल को तहसील बनाने की घोषणा की, तो वहीं कांग्रेस और दिग्विजय सिंह के शासन की कमियों को गिनाया। सीएम ने कहा कि कांग्रेस के राज में कभी न इतने विकास कार्य हुए और न ही बिजली, सड़क, पानी की व्यवस्था थी। कांग्रेस ने केवल जन हित की योजनाओं को बंद कर गरीबों के हक को मारा है। उन्होंने कहा कांग्रेस के नेता सिर्फ चुनावों के समय ही आते हैं।
एक जमाना था आप याद कीजिए
मुख्यमंत्री ने कहा कि आप याद कीजिए एक जमाना था मैंने जब काम शुरू किया था पूरे इस इलाके में,यहां आने-जाने के रास्ते नहीं थे अगर कोई पहाड़ पट्टी में चला जाए या नर्मदा पट्टी में सड़क पार करके चला जाए तो पूरा दिन लग जाता था। ऐसे रास्ते हुआ करते थे। आप सभी को वह जमाना याद होगा जब कांग्रेस की और दिग्विजय की सरकार हुआ करती थी। लेकिन आज मुझे यह कहते हुए खुशी है.. चारों तरफ शानदार सड़कों का जाल बिछाने का काम हुआ है तो भारतीय जनता पार्टी की सरकार में हुआ है।
कांग्रेस ने कभी कुछ किया था क्या
उन्होंने कहा आज जरा दिल से बताना, कांग्रेस के नेता कल आए थे नेतागिरी करने कांग्रेस ने कभी इस इलाके में सड़क बनवाई थी क्या....? कभी पानी लेकर आए थे क्या..? किसी के खेत में सिंचाई की थी क्या..? कुछ नहीं किया 50 साल निकाल दिए लेकिन आज मुझे कहते हुए खुशी है पाटतलाई उद्वहन सिंचाई योजना का लोकार्पण हो रहा है अब पाटतलाई के खेतों में भी पानी जाएगा। उन्होंने कहा कि जितनी सड़कें मैंने बनाईं हैं उतनी कांग्रेस 50 साल में नहीं बना पाई।
कुछ लोग 5 साल में एक बार आते हैं
मुख्यमंत्री ने कहा कि कई लोग ऐसे हैं जो 5 साल में एक बार चुनाव के टाइम ही आते हैं, कल एक पुराने मुख्यमंत्री (दिग्विजय) आ गए अरे जब तुम थे तब तुमने क्या कर दिया जो अब मेरे क्षेत्र में आ रहे हो। हारने के बाद कांग्रेस का उम्मीदवार कभी लौटा है क्या...? बाद में कभी सुख - दुख में कोई काम आया क्या..? ईमानदारी से बताओ, दिग्गी राजा ने कुछ किया था क्या...? सीएम ने तंज करते हुए कहा हमरे बलमा बेईमान, हमें पटियाने आए हैं।
मध्यप्रदेश के रिजेक्टेड लोगों ने योजनाएं बंद कर दी
कांग्रेस पर हमलावर होते हुए उन्होंने कहा कि यह लोग मध्यप्रदेश के लिए रिजेक्टेड लोग हैं। इन्होंने भाजपा सरकार की सारी योजनाएं बंद कर दी थीं। चौहान ने कहा कांग्रेस ने संबल योजना बंद कर दी थी, इन्होंने कहा था बेरोजगारी भत्ता देंगे लेकिन युवाओं को धेला नहीं दिया, बेटियों की शादी का पैसा यह खा गए। मैंने तीर्थ दर्शन योजना चालू की थी, कांग्रेस ने वो भी बंद कर दी थी अब मैंने फिर से चालू कर दी अब रेल से भी और हवाई जहाज से भी यात्रा करा रहा हूं।
गौशालाएं कंप्लीट करो
मुख्यमंत्री ने कहा कई जगह गाय सड़क पर है और गौमाता की चिन्ता करना हमारा परम कर्तव्य है। इसलिए कलेक्टर कमिश्नर को मैंने निर्देश दिए हैं, गौ शालाएं फटाफट कंप्लीट करो। जहां जगह है वह हम और ढूंढ रहे हैं। वहां गौशालाएं और बनाएंगे। उनके लिए पैसे की कमी नहीं आने दूंगा। इसलिए जितनी जल्दी जितनी गौशालाएं बन सकेंगी बनाने में कोई कसर नहीं छोडूंगा। हमारी कोशिश रहेगी कि गौ माता गौशाला में जाएं उसका भरपूर प्रयास करेंगे, उसमें आपका सहयोग भी चाहिए।
सबका इलाज कराया जाएगा
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा आज चकलदी में स्वास्थ्य शिविर लगा है। जिसको भी कोई तकलीफ है, तो विशेषज्ञ डॉक्टर यहां पर मौजूद हैं। यहां प्राइमरी चेकअप होगा। टेस्ट और सोनोग्राफी जैसी चीजों की भी व्यवस्था है। जिनका इलाज यहां संभव होगा, उनका इलाज यहीं करवाया जाएगा। अगर कोई ऐसी बीमारी है जिसके लिए भोपाल या और कहीं इलाज की जरूरत है तो वहां पर करवा दिया जाएगा ताकि कोई भी परेशान ना हो। मेरे बहनों भाइयों आप स्वस्थ रहें, इस स्वास्थ्य शिविर में पधारे हुए सभी डॉक्टरों को मैं धन्यवाद देता हूं।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS