MP : कांग्रेस के प्रदेश महासचिव ने दिया इस्तीफा, जिलाध्यक्ष नाहर सिंह यादव पर लगाये आरोप

दतिया। मध्यप्रदेश में 28 सीटों पर उपचुनाव होने वाले हैं। वहीं प्रदेश की राजनीति में सियासी उठापटक जारी है। इसी क्रम में कांग्रेस के प्रदेश महासचिव पद से अंततः मुरारीलाल गुप्ता ने इस्तीफा दे दिया है। मुरारी गुप्ता ने कांग्रेस का हाथ छोड़ दिया है। इस्तीफे में गुप्ता ने वर्तमान कांग्रेस जिलाध्यक्ष नाहर सिंह यादव पर मुश्किल वक्त में मदद न करने का आरोप लगाया है।
15 साल से कांग्रेस पार्टी में रहे मुरारी गुप्ता ने त्याग पत्र दे दिया है। उन्होंने अपना इस्तीफा राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी व प्रदेशाध्यक्ष कमलनाथ को भेजा है। उन्होंने पत्र में लिखा है कि वे लगातार 15 वर्ष से कांग्रेस पार्टी में विभिन्न पदों पर रहते हुए संगठन को मजबूती देते रहे। लेकिन जब जमीन संबंधी मामले में उन पर केस दर्ज हुआ तो इस मुश्किल की घड़ी में कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने उनसे न तो कोई संपर्क किया और न मदद के लिए आगे आए। जिलाध्यक्ष के इस रवैये से दुखी होकर उन्होंने इस्तीफा देने की बात दोहराई है।
गौरतलब है कि हाल ही में मुरारी लाल गुप्ता पर सरकारी जमीन हड़पने और धोखाधड़ी करके प्लॉट काटने के मामले में केस दर्ज किया गया था। इसमें मुरारी लाल गुप्ता और उनके पुत्र विकास गुप्ता सहित कुछ अन्य लोगों को आरोपी बनाया गया है। इस मामले में पुलिस उनके निवास पर कई बार दबिश भी दे चुकी है। ऐसे में गुप्ता का कांग्रेस छोड़कर जाना तमाम चर्चाओं को जन्म दे रहा है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS