MP Election 2023 : कांग्रेस का एक ही प्लान, विकास की गति मंद, योजनाएं बंद

भोपाल। 2018 के चुनाव में जब कांग्रेस सत्ता में आई थी, तो उसने सबसे पहले गरीब माताओं-बहनों के हक पर डाका डाला था और उनके कल्याण के लिए शुरू की गई योजनाएं बंद कर दी थीं। मुझे प्रदेश की माताओं-बहनों को यह बताते हुए दुख हो रहा है कि महिला विरोधी कांग्रेस अब लाड़ली बहना योजना को बंद कराने का सपना देख रही है। कांग्रेस के नेता माताओं, बहनों और बेटियों के आर्थिक हक पर गिद्ध की तरह नजरें गड़ाए हुए हैं। कांग्रेस का एक ही प्लान, विकास की गति मंद, योजनाएं बंद। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने शनिवार को प्रदेश मीडिया सेंटर में मीडिया से चर्चा के दौरान कही।
कांग्रेस पार्टी महिला विरोधी रही
प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने ट्वीट करके कहा है कि चुपके से खातों में पैसे डालना मामा की आदत हो गई है। सच्चाई यह है कि दिग्विजय सिंह राजनीतिक और मानसिक रूप से दिग्भ्रमित हो चुके हैं। कांग्रेस पार्टी शुरू से विकास विरोधी और महिला विरोधी रही है।
लाड़ली बहनें इस ओछी हरकत के लिए दिग्विजय को कभी माफ नहीं करेंगी
प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि शक्ति की आराधना का पर्व नवरात्र शुरू होने जा रहा है और उससे पहले दिग्विजय सिंह अपनी ओछी मानसिकता का प्रमाण देते हुए इशारों-इशारों में महिलाओं के हक छीनने की बात कह रहे हैं। प्रदेश की लाड़ली बहनें इस ओछी हरकत के लिए दिग्विजय सिंह को कभी माफ नहीं करेंगी।
महिलाओं का अपमान कांग्रेस की आदत
प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि यह पहला मौका नहीं है, जब दिग्विजय सिंह जैसे दागी नेता ने महिलाओं का अपमान किया हो। महिलाओं का अपमान, उनके बारे में अनाप-शनाप बोलना तो महिला विरोधी कांग्रेस पार्टी और उसके नेताओं की रग-रग में बसा है।
कांग्रेस सरकार ने छीना था गरीबों का हक
शर्मा ने कहा कि मध्यप्रदेश में कांग्रेस की सरकार ने सिर्फ बहनों का हक नहीं छीना था, बल्कि पिछड़े, गरीब और शोषित वर्ग के लिए शुरू की गई योजनाएं भी बंद कर दी थीं। मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना बंद करके बुजुर्गों को तीर्थ दर्शन करने से रोक दिया था। किसान सम्मान निधि पर बहाने बनाकर किसानों का हक छीनने का काम किया था। मैचिंग ग्रांट न होने का बहाना बनाकर प्रधानमंत्री आवास लौटा दिए थे और गरीबों से अन्याय किया था।
कांग्रेस भ्रष्टाचार और परिवारवाद की गारंटी
शर्मा ने कहा कि कांग्रेस अगर किसी बात की गारंटी है, तो वो भ्रष्टाचार की गारंटी है। किसी बात की गारंटी है, तो वो परिवारवाद की गारंटी है। किसी बात की गारंटी है, तो वो तुष्टिकरण की गारंटी है। कांग्रेस के बारे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कही हुई यह बात आज 100 प्रतिशत सही साबित हुई है कि अगर कांग्रेस आती है, तो वह अपने आकाओं के आदेश पर राज्यों को भ्रष्टाचार का एटीएम बनाकर जनता की गाढ़ी कमाई लूटेगी। इसका ताजा उदाहरण है कर्नाटक, जहां इनकम टैक्स के छापों में करोड़ों रुपए बरामद हुए हैं।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS