MP Election 2023 : दिग्विजय सिंह ने किया ट्वीट, पाकिस्तान की गरीबी पर कॉमेंट करती लड़की को भारत का बताया

भोपाल। मप्र में विधानसभा चुनाव को लेकर अब राजनीतिक बयानबाजी चरम पर है। भाजपा और कांग्रेस के नेता एक-दूसरे पर जुबानी हमला करने का कोई भी मौका नहीं चूक रहे हैं। अब इस चुनावी जंग में पाकिस्तान की भी एंट्री हो गई है। दरअसल, वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने ट्वीट किया, जिसमें उन्होंने पाकिस्तान की गरीबी पर कॉमेंट करती लड़की को भारत का बता दिया। ट्वीट में एक छोटी लड़की गरीबी का हाल बता रही है। इस पर दिग्विजय ने लिखा कि इस नन्हीं बच्ची से सुनें, इस देश में गरीब के हालत, जो मोदी और अमित शाह समझ नहीं पा रहे हैं।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा- आप भी गजब करते हैं 'राजा साहब’
दिग्विजय सिंह के इस ट्वीट की जब मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के कार्यालय ने पड़ताल की तो पता लगा यह ट्वीट पाकिस्तान का है। अब भाजपा कांग्रेस पर हमलावर है। भाजपा ये दावा कर रही है कि दिग्विजय सिंह ने पाकिस्तान की एक लड़की का ट्वीट किया है। मुख्यमंत्री शिवराज पलटवार करते हुए ने ट्वीट किया कि राजा साहब आप भी गज़ब करते हैं। दिग्विजय सिंह का पाकिस्तान प्रेम किसी से छिपा नहीं है, ये सब जानते हैं।
कांग्रेस ने कहा- चुनाव हो और पाकिस्तान को बीच में न लाए भाजपा, ऐसा हो नहीं सकता
भाजपा नेताओं का कहना है दिग्विजय सिंह भारत को बदनाम करने का कोई मौका नहीं छोड़ते हैं। यह पहली बार नहीं जब दिग्विजय सिंह इस तरीके के ट्वीट कर विवादों में आए हैं, इससे पहले पाकिस्तान के एक ब्रिज की तस्वीर भोपाल की बता कर और खरगोन दंगे के दौरान दूसरे प्रदेश की मस्जिद को खरगोन की बताने पर दिग्विजय सिंह भाजपा के निशाने पर आ चुके हैं। इधर, दिग्विजय के ट्वीट को लेकर कांग्रेस अब डैमेज कंट्रोल में जुट गई है और कह रही है कि चुनाव हो और भाजपा पाकिस्तान को बीच में न लाए, ऐसा हो नहीं सकता। हालांकि भाजपा दिग्विजय सिंह के इस ट्वीट को लेकर हमलावर है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS