MP Election 2023 : देश के सर्वश्रेष्ठ राज्यों में शामिल है मध्य प्रदेश: अनुराग ठाकुर

MP Election 2023 : देश के सर्वश्रेष्ठ राज्यों में शामिल है मध्य प्रदेश: अनुराग ठाकुर
X
केन्द्रीय सूचना एवं प्रसारण, युवा मामले एवं खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि मध्यप्रदेश देश के सर्वश्रेष्ठ राज्यों में शामिल है।

भोपाल। केन्द्रीय सूचना एवं प्रसारण, युवा मामले एवं खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि मध्यप्रदेश देश के सर्वश्रेष्ठ राज्यों में शामिल है। 20 वर्ष पहले मध्यप्रदेश बीमारू राज्य हुआ करता था। अब यह विकसित राज्य के तौर पर अपनी पहचान बना रहा है। जहां पहले प्रति व्यक्ति आय 11 हजार रुपए हुआ करती थी, अब वह 5 गुना बढ़कर एक लाख 40 हजार रुपए हो गई है। प्रदेश की जीडीपी में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। केंद्रीय मंत्री ठाकुर रीवा में मध्यप्रदेश गौरव प्रतिष्ठान के तत्वावधान में कल, आज और कल, हर दिन आगे बढ़ता मध्यप्रदेश विषय पर प्रबुद्धजन सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।

जनता को सुशासन देने का कार्य किया: शुक्ल

जनसम्पर्क एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि सरकार ने जनता को सुशासन देने का कार्य किया है। प्रदेश में बहुआयामी विकास हुआ है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है। आने वाले समय में हमारा देश विश्वगुरू बनेगा। कार्यक्रम में सांसद जनार्दन मिश्र, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन व युवा उपस्थित रहे।

रीवा के स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में चार सौ मीटर सिंथेटिक ट्रैक लगाया जाएगा

केन्द्रीय मंत्री ठाकुर ने कहा कि मध्यप्रदेश में तीन करोड़ 62 लाख लोगों को आयुष्मान योजना का लाभ मिला है। वर्तमान समय में चल रहे एशियन गेम्स में भारत के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। मध्यप्रदेश के खिलाड़ियों का भी सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन शामिल है। उन्होंने घोषणा की कि रीवा के स्पोर्ट्स काॅम्प्लेक्स में चार सौ मीटर सिंथेटिक ट्रैक लगाया जाएगा।ठाकुर ने युवाओं का आह्वान किया कि देश व प्रदेश की उन्नति में सहभागी बनें।

हनुमना से चाकघाट सीधा मार्ग खुलने से क्षेत्र का होगा आर्थिक एवं सामाजिक विकास

जनसंपर्क तथा पीएचई मंत्री राजेंद्र शुक्ल ने बहुप्रतीक्षित चौरा घाट निर्माण का भूमि पूजन किया। इसकी लागत 63 करोड़ रुपए है। इसका निर्माण लोक निर्माण विभाग द्वारा किया जा रहा है। इस अवसर पर विशाल जन समुदाय को संबोधित करते हुए मंत्री शुक्ल ने कहा कि चौराघाट बन जाने से हनुमना और चाकघाट का सीधा मार्ग खुल जाएगा। इससे इस पूरे क्षेत्र को मुख्य धारा में शामिल होकर आर्थिक और सामाजिक विकास का अवसर मिलेगा। हमारी सरकार आम जनता के कल्याण और विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। हितग्राही बहनों को गैस सिलेंडर 450 रुपए में रिफिल कराया जाएगा। उन्हें आवास योजना का भी लाभ दिया जाएगा।विकास के लिए पैसों की कोई कमी नहीं है।

क्षेत्र के लोग रीवा रोड की दुर्दशा भूले नहीं होंगे

मंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि क्षेत्र के निवासी चाकघाट से सोनौरी रोड और इलाहाबाद से रीवा रोड की दुर्दशा भूले नहीं होंगे। उस समय की रोड तब की सरकारों के कुशासन का प्रतीक थी। आज फोरलेन हाईवे और सीसी रोड आवागमन को सुगम करने के साथ हमारी सरकार के सुशासन की गाथा भी कह रही है। पूरे प्रदेश में हर क्षेत्र में बड़े-बड़े कार्य किए जा रहे हैं।

2200 करोड़ की नल जल योजना को मंजूरी दी

रीवा जिले में 2000 गांवों को नल से शुद्ध मीठा पानी घर-घर पहुंचने के लिए 2200 करोड रुपए की नल जल योजना मंजूर की गई है। प्रधानमंत्री ने मध्य प्रदेश को नल जल योजनाओं के लिए 70000 करोड रुपए मंजूर किए हैं। आज विकास चारों ओर दिखाई दे रहा है, यह विकास आप सबके आशीर्वाद से ही संभव है।

काम करने केवल डेढ़ साल का समय मिला

समारोह में सांसद जनार्दन मिश्र ने कहा कि 15 महीने दूसरे दल की सरकार इसके बाद 2 साल तक करोना का प्रकोप रहा। काम करने के लिए केवल डेढ़ साल का समय मिला। इतने कम समय में भी त्योंथर क्षेत्र में विकास के अभूतपूर्व काम हुए हैं। समारोह में अतिथियों का स्वागत करते हुए विधायक त्योंथर श्यामलाल द्विवेदी ने कहा कि त्योंथर क्षेत्र को मुख्यमंत्री ने सड़क, पुल, सिंचाई परियोजनाओं के रूप में अनेक उपहार दिए हैं। त्योंथर माइक्रो सिंचाई परियोजना का कार्य तेजी से जारी है। चौराघाट का काम आज से शुरू हो गया है। चौरा में सब स्टेशन का निर्माण लगभग एक महीने में पूरा हो जाएगा। इसके अलावा पूरे क्षेत्र में विकास के कार्य कराए गए हैं। चौराघाट बन जाने से पूरा क्षेत्र हनुमना और मऊगंज से ही नहीं सीधी, सिंगरौली और झारखंड से सीधे जुड़ जाएगा।

विकास उत्सव में रीवा जिले में 774 करोड़ से अधिक के 64 कार्यों का हुआ शिलान्यास व लोकार्पण

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विकास उत्सव में भोपाल से वर्चुअली 53 हजार करोड़ रुपए से अधिक के 14 हजार 375 कार्यों का शिलान्यास एवं भूमिपूजन किया। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को रीवा जिले के साथ-साथ जनपद स्तर पर भी सजीव देखा और सुना गया। रीवा के मानस भवन में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में जनसम्पर्क एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री राजेन्द्र शुक्ल, सांसद जनार्दन मिश्र, सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं आमजन उपस्थित रहे। रीवा जिले में 774 करोड़ 61 लाख रुपए लागत के 64 कार्यों का भूमिपूजन व शिलान्यास किया। जिनमें 328 करोड़ 32 लाख रुपए लागत के 47 कार्यों में रीवा शहर के एजी काॅलेज तिराहे से निपनिया तिराहे तक सड़क मार्ग का चौड़ीकरण, निपनिया मार्ग से तमरा मार्ग, ग्राम भदावल से भिटवा पहुंच मार्ग, डीही महसांव मुख्य मार्ग से पड़रिया होकर महिया तक पहुंच मार्ग व अन्य 43 कार्य शामिल हैं। इसी प्रकार 218 करोड़ 43 लाख रुपए लागत के 9 कार्यों में महर्षि पाणिनि संस्कृत एवं वैदिक विश्वविद्यालय के कैंपस निर्माण और सुविधा विस्तारीकरण कार्य, बसामन मामा गौवंश वन्य विहार में प्रशासनिक भवन निर्माण, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मऊगंज में सीएम राइज स्कूल निर्माण, गौरी में सीएम राइज स्कूल निर्माण तथा प्रधानमंत्री आवास योजनान्तर्गत एसएएफ साइट में 266 ईडब्ल्यूएस आवासों का निर्माण शामिल है।

करोड़ के विकास कार्य शामिल

39 करोड़ 90 लाख रुपए के लागत के चार कार्यों में सोहागी-बड़ागांव-कोराव मार्ग, रौसर चौराहे से कुठुलिया मार्ग, बरहा से पटना सड़क मार्ग तथा रमपुरवा से डिहुली मार्ग में पुल निर्माण के कार्य शामिल है। राशि 185 करोड़ 66 लाख रुपए लागत से पहड़िया सूक्ष्म दबाव सिंचाई योजना, लोनी माइक्रो, त्योंथर एवं सिरमौर माइक्रो सिंचाई योजना का कार्य तथा 2 करोड़ 30 लाख रुपए लागत से धौचट सब स्टेशन का निर्माण कार्य कार्य शामिल है।

केंद्रीय मंत्री अनुराग का बयान

केजरीवाल भ्रष्ट मुख्यमंत्री हैं, जो भ्रष्टाचारियों के समर्थन में धरना देते हैं, उनके मंत्री-विधायक जेल में आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह की गिरफ्तारी के मामले में केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर का बयान सामने आया है। ठाकुर ने कहा कि अरविंद केजरीवाल भ्रष्ट मुख्यमंत्री हैं। वह एक ऐसे मुख्यमंत्री हैं जो भ्रष्टाचारियों के समर्थन में धरना देते हैं। दिल्ली के उपमुख्यमंत्री, स्वास्थ्य मंत्री और सांसद जेल में हैं। जो भ्रष्टाचार मिटाने का नारा देते थे। धरने पर बैठे थे। आज भ्रष्टाचारियों को बचाने के लिए धरना दे रहे हैं। यह आरोप केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने जबलपुर में दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल पर लगाए। केंद्रीय मंत्री ठाकुर ने कहा कांग्रेस ने मध्यप्रदेश को बीमारू राज्य बनाया था। जो अब बीमारू राज्य की श्रेणी से निकलकर देश के तेजी से उभरने वाले अग्रणी राज्यों में आ गया है। देश में मप्र सहित पांच राज्यों में आगामी महीनों में विधानसभा चुनाव होना है। इन सभी राज्यों में पुन: भाजपा की ही सरकारें बनेंगी। मप्र को बीमारू राज्य की श्रेणी से निकालकर अग्रणी राज्यों की कतार में लाने के लिए जो काम किया है। उसे देखते हुए कहते हैं कि मप्र में भाजपा सत्ता में आएगी।

6 लाख से ज्यादा गांव की मिट्टी एकत्रित

वह शुक्रवार को मेरी माटी मेरा देश कार्यक्रम में शामिल होने जबलपुर पहुंचे थे। केंद्रीय मंत्री ठाकुर ने कहा कि दिल्ली में इंडिया गेट पर आजादी का अमृत महोत्सव मेमोरियल और अमृत वाटिका बनेगी। इसके के लिए देश के 7500 ब्लॉक (विकासखंड) के 6 लाख से ज्यादा गांव की मिट्टी एकत्रित की जा रही है। 75 हजार युवा इस महीने के आखिरी में दिल्ली पहुंचेंगे।

Tags

Next Story