MP Election 2023 : सस्पेंड कर्मचारी को बना दिया पीठासीन अधिकारी, मतदान दलों में होगी दिक्कत

MP Election 2023 : सस्पेंड कर्मचारी को बना दिया पीठासीन अधिकारी, मतदान दलों में होगी दिक्कत
X
भोपाल जिले की सात विधानसभा में होने वाले चुनाव के लिए जिला निर्वाचन कार्यालय ने जिले के करीब 9 हजार 16 अधिकारी और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई है

भोपाल। जिले की सात विधानसभा में होने वाले चुनाव के लिए जिला निर्वाचन कार्यालय ने जिले के करीब 9 हजार 16 अधिकारी और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई है, जिसमें दो दर्जन कर्मचारियों की ड्यूटी बदलनी पड़ी है, दरअसल, इन अधिकारी और कर्मचारियों में से ही चुनाव कराने वाले मतदाल दल में शामिल पीओ, पी-वन पी-टू, पी-थ्री के पद पर ड्यूटी लगाई गई है। जिसमें फर्स्ट क्लास, सेकंड क्लास, थर्ड क्लास और फोर्थ क्लास कर्मचारियों को काम सौंपा गया है। जब ड्यूटी का आदेश जारी किया गया तो पता चला कि कई अधिकारी और कर्मचारियों की डबल ड्यूटी लगा दी गई है। इसके साथ फोर्थ क्लास कर्मचारी को पीओ और सेकंड क्लास अधिकारी को पी-थ्री लेबल का काम दिया गया है। जिसके बाद सुधार कर लिया गया है। गड़बड़ी का आलम यह है कि एक तृतीय वर्ग कर्मचारी के सस्पेंड होने के बावजूद उसकी ड्यूटी पीठासीन अधिकारी में लगा दी है।

उसमें सुधार किया जा रहा है

जब कर्मचारी अपनी ड्यूटी कटवाने कलेक्टोरेट पहुंचा, तो उसका आवेदन लेकर विधानसभा के रिटर्निंग अधिकारी से मिलने की बात कही गई। इस कर्मचारी की ड्यूटी नरेला विधानसभा क्षेत्र में लगाई गई है। दरअसल इस कर्मचारी को अक्टूबर माह में ही चुनावी ड्यूटी पर उपस्थित नहीं होने की वजह से सस्पेंड कर दिया गया था। जिसके बाद उसकी ड्यूटी पीठासीन अधिकारी के लिए लगा दी। इसके साथ आधा दर्जन अन्य कर्मचारी भी हैं, जिनके सस्पेंड होने के बाद भी चुनावी दल में ड्यूटी लगा दी गई है। ऐसे में चुनावी दल के दौरान दिक्कत होगी। उपजिला निर्वाचन अधिकारी रविंशंकर राय का कहना है कि विभागों द्वारा भेजे गए ऑनलाइन डेटा में कमियां होने की वजह से ड्यूटी इधर से उधर हो गई है। उसमें सुधार किया जा रहा है।

दो हजार कर्मचारियों के ड्यूटी आदेश में बदलाव

इस चुनाव में 9016 अधिकारी और कर्मचारियों की ड्यृटी लगाई गई है, जिसमें से अलग-अलग कारणों से करीब दो हजार कर्मचािरयों की ड्यूटी में बदलाव किया गया है। जिसमें मेडिकल, शादी, पति पत्नी की साथ ड्यूटी सहित अन्य कारणों से ड्यूटी अलग-अलग की गई है।

कर्मचारियों से दुर्व्यवहार कर रहे अफसर

सत्रह नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं, लेकिन अब भी कई अधिकारी और कर्मचारी ऐसे हैं, जो अलग-अलग वजह से चुनाव ड्यूटी से राहत चाह रहे हैं। ऐसे में मानव संसाधन का काम देख रहीं अपर कलेक्टर अंकिता धाकरे के यहां जाने वाले कर्मचारियों को डिप्टी कलेक्टर मुनव्वर खान के यहां भेजा जा रहा है, जहां से उन्हें ड्यूटी नहीं करने पर सस्पेंड करने की बात कही जा रही है। अफसरों के इस तरह के व्यवहार को लेकर कई अधिकारी और कर्मचारियों ने इसकी शिकायत कलेक्टर आशीष सिंह से भी की है।

Tags

Next Story