MP Election 2023 : कल मतदाता फैसला कर देंगे मप्र में ‘नई सरकार’ का

भोपाल। मप्र में विधानसभा चुनाव में मतदान के लिए 24 घंटे ही शेष बचे हैं। चुनाव आयोग ने सभी तरह की तैयारियां पूरी कर ली है। 17 नवंबर को प्रदेश के 224 विधानसभा क्षेत्रों में सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। जबकि बाकी बचे 6 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान सुबह 7 बजे से शाम 3 बजे तक ही होगा। यह तीन जिलों बालाघाट, मंडला व डिंडोरी के 6 विधानसभा क्षेत्र नक्सल प्रभावित हैं। नक्सली गतिविधियों की वजह से चुनाव आयोग ने यह निर्णय लिया है। शांतिपूर्ण मतदान के लिए करीब एक लाख पुलिस व अर्धसैनिक बलों की तैनाती की जा रही है।
मप्र में कुल 5 करोड़ 60 लाख 58 हजार 321 मतदाता
मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन के बाद मप्र में कुल 5 करोड़ 60 लाख 58 हजार 321 मतदाता हैं। इसमें से 2 करोड़, 87 लाख 82 हजार 281 पुरूष व 2 करोड़, 71 लाख 99 हजार 586 महिला मतदाता हैं। जबकि सर्विस वाटरों की संख्या 75,382 व 1292 थर्ड जेंडर मतदाता हैं। यह मतदाता चुनाव लड़ रहे 2522 प्रत्यायाशियों को चुनेंगे।
मतदान के डेढ़ घंटे पहले शुरू होगी मॉकपोल की प्रक्रिया
मतदान शुरू होने के डेढ़ घंटे पहले सुबह 5.30 बजे से मॉकपोल की प्रक्रिया शुरू हो होगी। यह प्रक्रिया अभ्यर्थी या उसके अधिकृत एजेंट की मौजूदगी में होगी। यदि कोई अभ्यर्थी या उसका एजेंट 5.30 बजे मतदान केंद्र पर उपस्थित नहीं होता है, तो 15 मिनट तक उसका इंतजार किया जाएगा। इसके बाद मतदान दलों और अन्य सदस्यों की उपस्थिति में मॉकपोल की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। न्यूनतम 50 वोट से मॉकपोल किए जाने का प्रावधान है, जिसमें नोटा भी शामिल होगा। मॉकपोल की प्रक्रिया शुरू करने से पूर्व बैलेट यूनिट एवं वीवीपीएटी को वीवीपीएटी कम्पार्टमेंट में रखा जाएगा। कंट्रोल यूनिट को पीठासीन अधिकारी की टेबल या मतदान अधिकारी के टेबल पर रखना होगा।
प्रदेश में कुल 2522 प्रत्याशी चुनाव मैदान में
प्रदेश के सभी 230 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान के लिए सभी तरह के बंदोबस्त किए गए हैं। चुनाव में भाजपा, कांग्रेस, राष्ट्रीय व राज्य स्तर पर रजिस्टर्ड राजनैतिक दलों के अलावा निर्दलियों के कुल 2522 प्रत्याशी चुनाव मैदान में अपना भाग्य आजमा रहे हैं। जबकि, दोनों बड़े दलों भाजपा व कांग्रेस ने सभी 230 विधानसभा क्षेत्रों में अपने-अपने प्रत्याशियों को चुनाव मैदान में उतारा है। मतदान में बतौर सुरक्षा करीब 4 लाख मतदान कर्मियों व सुरक्षा बलों को लगाया जा रहा है। सामान्य मतदान केंद्रों पर मतदान कर्मियों को एक व दो सुरक्षा कर्मी मुहैया कराए जा रहे हैं, जबकि कि्रटिकल मतदान केंद्रों पर चार-चार सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया जा रहा है। इसके अलावा रिजर्व में पुलिस बलों की अतिरिक्त तैनाती की जा रही है। किसी भी धांधली आदि की सूचना पर यह अतिरिक्त सुरक्षा कर्मी आधे घंटे से भी कम समय में मौके पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे। आयोग ने शांतिपूर्ण मतदान के लिए सभी तरह के बंदोबस्त किए हैं।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS