MP Election : विधायक प्रवास कार्यशाला को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने संबोधित करते हुए दिया मंत्र

भोपाल। चार राज्यों महाराष्ट्र, गुजरात, उत्तरप्रदेश व बिहार से आए 230 प्रवासी विधायकों को राजधानी में प्रशिक्षण के बाद शनिवार को 230 विधानसभा क्षेत्रों के लिए रवाना कर दिया गया। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इन प्रवासी विधायकों से कहा कि मप्र की प्रत्येक विधानसभा में जाने वाले प्रवासी विधायक यह संदेश लेकर बूथ-बूथ तक जाएं कि भाजपा की सरकार ही सबसे अच्छी सरकार है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश लगातार तरक्की के पायदान चढ़ रहा है। मप्र में गरीब कल्याण की योजनाएं हर वर्ग के जीवन में बदलाव ला रही हैं।
विधायकों को व्यवस्था संबंधी जानकारी दी
परिवर्तन की यह प्रक्रिया चलती रहे, इसके लिए देश और प्रदेश में भाजपा की सरकार होना जरूरी है। विभिन्न प्रदेशों से मध्यप्रदेश के प्रवास पर आए विधायकों का आह्वान मुख्यमंत्री चौहान, राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव, प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने शनिवार को विधायक प्रवास कार्यशाला में किया। उन्होंने कहा कि विकास के लिए पहली शर्त शांति है। 2003 में भाजपा की सरकार बनते ही हमने इस दिशा में काम शुरू किया। चंबल के बीहड़ों से डाकुओं का सफाया कर दिया तो सिमी का नेटवर्क ध्वस्त कर दिया। 2003 से पहले नक्सली मंत्री की गर्दन काटकर ले जाते थे, हमने नक्सलियों की गतिविधियों पर रोक लगाई। मप्र ने सबसे पहले बहन-बेटियों पर गलत नजर डालने वालों के लिए फांसी की सजा का प्रावधान किया। चौहान ने कहा कि कांग्रेस के जमाने में प्रदेश में टूटी फूटी सड़कें थीं, हमने 5 लाख किमी शानदार सड़कें बनाई हैं। सत्र का संचालन प्रदेश शासन के मंत्री विश्वास सारंग ने किया। कार्यशाला के दौरान प्रदेश प्रशिक्षण प्रभारी विजय दुबे ने विधायकों को व्यवस्था संबंधी जानकारी दी। आईटी प्रभारी अमल शुक्ला ने सरल एप में दर्ज किए जाने को लेकर जानकारी दी।
यादव ने कहा-हर विधानसभा में हर समाज तक पहुंचें
केंद्रीय मंत्री एवं प्रदेश चुनाव प्रभारी भूपेंद्र यादव ने कहा कि आप लोग अपनी विधानसभा में हर समाज तक पहुंचें, मठ-मंदिरों और विभिन्न धार्मिक समुदायों के प्रमुख लोगों से संपर्क करें। पन्ना प्रमुखों से मिलें, वरिष्ठ कार्यकर्ताओं से चर्चा करें। मंडल और शक्ति केंद्रों की बैठक लें तथा विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों से संपर्क करें। महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में हाल में मप्र सरकार ने लाड़ली बहना योजना लांच की है। इस योजना की हितग्राही बहनों से मिलें। यादव ने कहा कि सभी विधायक अपने-अपने क्षेत्रों में पार्टी कार्यकर्ताओं, नागरिकों और हितग्राहियों तक यह संदेश पहुंचाएं कि भाजपा की सरकार ही सबसे अच्छी सरकार है।
शर्मा बोले-कार्यकर्ताओं को प्रवासी विधायकों के अनुभवों का लाभ मिलेगा
प्रदेश अध्यक्ष, सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि अभियान के इन दिनों में देश भर की चुनी हुई ताकत के रूप में उत्तरप्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र और गुजरात के चयनित विधायक जब मप्र की प्रत्येक विधानसभा में जाएंगे तो मध्यप्रदेश के प्रत्येक कार्यकर्ता का उत्साह 10 गुना तो होगा साथ ही चुनाव में जुटे स्थानीय कार्यकर्ताओं को और ताकत मिलेगी। उन्होंने कहा कि आज भारतीय जनता पार्टी नई राजनीतिक संस्कृति के साथ प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के नेतृत्व में आगे बढ़ रही है।
मोदी को फिर प्रधानमंत्री बनाना है तो अपना बूथ जीतना जरूरी
राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने कहा कि लोकसभा चुनाव फाइनल हैं, तो विधानसभा चुनाव सेमीफाइनल है। फाइनल में जीत के लिए सेमीफाइनल जीतना जरूरी है। इसके लिए कार्यकर्ताओं और नागरिकों को यह स्मरण कराना जरूरी है कि मप्र में किस तरह विकास की गंगा बही है। उन्होंने यह समझाया कि मोदी जी को फिर से प्रधानमंत्री बनाने के लिए अपना बूथ जीतना क्यों जरूरी है। शिवप्रकाश ने आने वाले 2024 के लोकसभा चुनाव का महत्व समझाते हुए कहा कि समाज की मानसिकता को बदलने के लिए 5-7 सालों का समय पर्याप्त नहीं है। इसके लिए लंबे समय तक भाजपा की सरकार रहना जरूरी है। जिन परिवर्तनों की शुरुआत हमारी सरकार ने की है, उन्हें जारी रखने के लिए हमारी सरकार जरूरी है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS