MP Exit Poll : मप्र में भाजपा सरकार बनी तो ये होंगे जीत के कारण

भोपाल। यदि यह संभावना सच साबित होती है तो प्रदेश में भाजपा की जीत के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के अलावा ये कारण होंगे। विधानसभा चुनाव होने से पहले ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मप्र पर काम शुरू कर दिया था। केंद्रीय मंत्रियों को जवाबदारी सौंपने के साथ दोनों नेताओं ने प्रदेश के दौरे शुरू किए थे। प्रधानमंत्री मोदी के दौरों से जनता में माहौल बना और अमित शाह ने चुनाव रणनीति पर काम किया।
लाड़ली बहना योजना बनी संजीवनी
चौहान की लाड़ली बहना योजना ने भाजपा के लिए संजीवनी का काम किया। महिलाओं, कन्याओं के लिए शिवराज सरकार पहले से ही कई योजनाएं चला रही थी। माना जा रहा है कि भाजपा को महिलाओं का एकतरफा वोट मिला।
शिवराज का अथक परिश्रम
चौहान ने अथक मेहनत की। उन्होंने दौड़-दौड़ कर सभाएं की। चौहान ने जितनी सभाएं लीं, भाजपा-कांग्रेस का काेई अन्य नेता उसके नजदीक तक नहीं पहुंच सका। खास बात ये थी कि मुख्यमंत्री लोगाें को अपनी बात समझा पाने में सफल रहे।
केंद्र सरकार की योेजनाएं
केंद्र सरकार की आयुष्मान भारत योजना, किसान सम्मान निधि, गरीब परिवारों को खाद्यान्न देने की योजना, उज्जवला योजना, गैस सिलेंडर का सस्ता किया जाना आदि ने भी प्रदेश के चुनाव में भाजपा की मदद की।
अयोध्या में राम मंदिर
अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण और प्रधानमंत्री मोदी द्वारा किए जाने वाले लोकार्पण की खबर से भी हिंदू मतदाता उत्साहित था। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद वीडी शर्मा ने कहा, अधिकांश एग्जिट पोल के नतीजों में भाजपा को मिल रही बढ़त बता रहा है कि एमपी के मन में मोदी है। भारतीय जनता पार्टी विधानसभा चुनाव में प्रचंड विजय हासिल कर रही है। शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी को मध्यप्रदेश चुनाव में मिल रही ऐतिहासिक जीत का श्रेय पार्टी के देवतुल्य कार्यकर्ताओं को जाता है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS