MP: नाबालिग ने रची अपहरण की कहानी, रूठी प्रमिका को मनाने के लिए अजीब ड्रामा

MP: नाबालिग ने रची अपहरण की कहानी, रूठी प्रमिका को मनाने के लिए अजीब ड्रामा
X
शिवपुरी में 2 दिन पहले एक युवक को पेड़ से बांधकर मारपीट का जो मामला सामने आया था, उसके पीछे की हकीकत अब सामने आई है। पढ़िए पूरी खबर-

शिवपुरी। लिव-इन-रिलेशनशिप में रह रही नाबालिग प्रेमिका के छोड़कर चले जाने से नाराज एक नाबालिग प्रेमी ने खुद के अपहरण और मारपीट की कहानी रच दी। यानी प्रेमी-प्रेमिका दोनों नाबालिग हैं। शुरू में वह पुलिस को यह कहानी सुनाकर गुमराह करता रहा कि दो दिनों से कुछ अज्ञात लोग उसे पेड़ से बांधकर पीट रहे थे। जब पुलिस को उस पर शक हुआ और सख्ती से पूछताछ की तो पूरा मामला खुल गया।

उल्लेखनीय है कि बुधवार दोपहर करबला क्षेत्र में झाड़ियों के बीच से एक लड़के के चीखने की आवाज वहां से गुजरने वालों ने सुनी। देखा तो एक लड़का वहां पड़ा था। पुलिस को उसकी सूचना दी। उसकी पहचान की गई। उसने बताया कि दो दिन से कुछ अज्ञात लोग उसे वहां पेड़ से बांधकर पीट रहे थे। लड़के के शरीर पर चोट के निशान भी थे।

बाद में पूछताछ में पता चला कि उसके पास की रहने वाली एक नाबालिग लड़की से प्रेम-प्रसंग था। दोनों अपने माता-पिता का घर छोड़कर लिव-इन में रहते थे। तीन दिन पहले लड़की किसी बात पर झगड़कर अपनी मां के पास चली गई। इसके बाद लड़के ने अपने दोस्त के साथ मिलकर यह कहानी रची। उसे लगा कि उसके साथ मारपीट की कहानी सुनकर उसकी प्रेमिका वापस आ जाएगी। पुलिस ने प्रेमी के साथ उसके दोस्त को भी गिरफ्तार कर लिया है। देहात थाना टीआई सुनील खेमरिया ने बताया कि लड़के ने प्रेम-प्रसंग के चलते यह झूठी कहानी रची है। इस पर पहले भी मामला दर्ज है।

बताया जा रहा है कि दोनों का पिछले लंबे समय से प्रेम-प्रसंग चल रहा है। दोनों अपना-अपना घर छोड़कर किराए पर कमरा लेकर साथ रहते हैं। नाबालिग प्रेमी पर देहात थाना में लड़की के परिजन पहले भी मामला दर्ज करा चुके हैं। इसके चलते उसे दो दिन बाल सुधार गृह में भी रहना पड़ा था। वह जमानत पर बाहर आ गया था।

Tags

Next Story