MP News : महेश्वर के देवी अहिल्या लोक और नीमच के भादवा माता लोक के लिए होगा भूमिपूजन

MP News : महेश्वर के देवी अहिल्या लोक और नीमच के भादवा माता लोक के लिए होगा भूमिपूजन
X
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान 29 सितम्बर को हरदा, खरगोन और अलीराजपुर में अनेक विकास कार्यों की शुरूआत करेंगे। मुख्यमंत्री 30 सितम्बर को नीमच में बायो टेक्नोलॉजी पार्क की सौगात देंगे।

भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान 29 सितम्बर को हरदा, खरगोन और अलीराजपुर में अनेक विकास कार्यों की शुरूआत करेंगे। मुख्यमंत्री 30 सितम्बर को नीमच में बायो टेक्नोलॉजी पार्क की सौगात देंगे। प्रदेश में दो नए लोक विकसित होंगे, जो धार्मिक और आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ाने का कार्य करेंगे। देवी अहिल्या लोक और भादवा माता लोक के भूमिपूजन के लिए आवश्यक तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया है। मुख्यमंत्री चौहान 29 सितम्बर को महेश्वर जिला खरगोन में देवी अहिल्या लोक का भूमिपूजन करेंगे। इसके साथ ही 3673.35 करोड़ लागत के कार्यों का भूमि-पूजन और लोकार्पण भी होगा। खरगोन जिले के निवासियों को मेडिकल कॉलेज सुविधा भी निकट भविष्य में प्राप्त होगी। कॉलेज के भूमिपूजन की तैयारियां की जा रही हैं।

हरदा में किसान सम्मेलन हितग्राहियों को हितलाभ

मुख्यमंत्री 29 सितम्बर को हरदा में किसान सम्मेलन को संबोधित करेंगे और विभिन्न योजनाओं में किसानों एवं अन्य हितग्राहियों को हितलाभ प्रदान करेंगे। विकास कार्यों का भूमि-पूजन और लोकार्पण भी होगा। मुख्यमंत्री 29 सितम्बर को अलीराजपुर में माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना का लोकार्पण करेंगे। विभिन्न ग्रामों से लाभान्वित हितग्राहियों की ओर से जल कलश लाकर पूजन होगा और लाड़ली बहनों सहित अन्य नागरिक विकास कार्यों के लोकार्पण कार्यक्रम में भागीदारी करेंगे।

भादवा माता लोक के भूमिपूजन की तैयारियां पूर्ण

मुख्यमंत्री चौहान 30 सितम्बर को नीमच में भादवा माता लोक के लिए भूमिपूजन करेंगे। जन आस्था के इस केंद्र के विकास के लिए 10 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत की गई है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री नीमच में 50 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित होने वाले जावद बॉयोटेक्नालॉजी पार्क का भूमि-पूजन भी करेंगे। कार्यक्रम में मैपकॉस्ट ने एक प्रदर्शनी भी लगाई है। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के संबंध में हुई वीसी बैठक में उपस्थित सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम,विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री ओमप्रकाश सकलेचा से भी चर्चा की।

मुख्यमंत्री शिवराज ने कहा- अधिकारियों और कर्मचारियों से प्राप्त सुझावों पर होगा अमल

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि विभिन्न संवर्ग के अधिकारियों-कर्मचारियों के कल्याण के लिए राज्य सरकार ने संवेदनशील होकर महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। नियमित कर्मचारियों के साथ ही अन्य प्रकार की सेवाओं में संलग्न अमले के हितों का ध्यान रखा गया है। शासकीय सेवकों को लाभान्वित करने के लिए प्राप्त नए सुझावों पर भी अमल किया जाएगा। इस क्रम में ग्रेड पे संबंधी और अन्य सुझावों के लिए आवश्यक हुआ तो समिति गठित की जाएगी। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आज उनसे भेंट करने आए अधिकारियों-कर्मचारियों के विभिन्न प्रतिनिधियों से चर्चा कर रहे थे। मुख्यमंत्री से मुख्यमंत्री निवास में मध्यप्रदेश प्रशासनिक सेवा संघ, मध्यप्रदेश राजस्व अधिकारी संघ और मंत्रालय कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने भेंट की। राजेश गुप्ता, राजेन्द्र जैन और सुभाष वर्मा के नेतृत्व में इन प्रतिनिधि मंडल में शामिल पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री चौहान का अब तक लिए गए कर्मचारी कल्याण निर्णयों के लिए आभार भी व्यक्त किया।

प्रधानमंत्री के ग्वालियर में प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों की मुख्यमंत्री ने की समीक्षा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2 अक्टूबर को प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी और ग्रामीण) के हितग्राहियों को गृह प्रवेश करवाएंगे। मुख्य कार्यक्रम ग्वालियर में आयोजित होगा। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरूवार को तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि गरिमामय आयोजन की सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण की जाएं। इसमें कोई कसर नहीं होनी चाहिए। मुख्यमंत्री चौहान ने मुख्यमंत्री निवास से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए कलेक्टर ग्वालियर और संबंधित विभागों के अधिकारियों से प्रधानमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्वालियर में प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना से लगभग 2 लाख हितग्राहियों को लाभ मिला है। प्रधानमंत्री ग्वालियर के मेला ग्राउंड परिसर में आवासों के गृह-प्रवेश कार्यक्रम एवं विकास कार्यों के लोकार्पण के साथ भूमिपूजन भी करेंगे।

Tags

Next Story