MP News : निकायों को मिलेगी सुविधाएं, मंत्रालय में पूर्व मुख्यमंत्रियों की प्रतिमाओं का लोकार्पण जल्द

भोपाल। मप्र के 356 नगरीय निकायों में अधोसंरचना से जुड़े विविध विकास कार्यों के लिए विशेष निधि मद से 431 करोड़ 6 लाख रुपए की स्वीकृति प्रदान की गई है। इस राशि से निकायों की मूलभूत सुविधाओं, जिनमें सीमेंट कांक्रीट सड़क, डामरीकृत सड़क, डिवाइडर निर्माण, पार्कों का निर्माण, मंगल भवन, सामुदायिक भवन, श्मशान घाट निर्माण जैसे विकास कार्य किए जाएंगे। प्रदेश के नगरीय निकायों के लिए कई सालों बाद एकमुश्त इतनी राशि प्रदान की गई है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उक्त राशि की मंजूरी दी है।
नगरीय विकास एवं आवास मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने बताया कि इसमें खास बात यह है कि इस राशि से स्मारकों के निर्माण के साथ शहीदों और महापुरुषों की प्रतिमाएं भी स्थापित की जाएंगी। इससे भोपाल में टंट्या मामा, शहीद चन्द्रशेखर आजाद, शहीद भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु, अमर बलिदानी हेमू कलाणी, स्व. कैलाश सारंग, पूर्व मुख्यमंत्री स्व. कैलाश जोशी की प्रतिमा स्थापित होंगी। साथ ही भारत माता मंदिर स्मारक भी बनाया जाएगा।
प्रदान की गई राशि से निकायों में सीसी रोड, पार्क, सामुदायिक भवन सहित अन्य निर्माण व विकास कार्य होंगे
इसी राशि से स्मारकों के निर्माण के साथ शहीदों और महापुरुषों की प्रतिमाएं भी स्थापित की जाएंगी
प्राक्कलन करें तैयार
सागर में अमर बलिदानी महाराणा प्रताप और नगर पालिका सौंसर में पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की मूर्ति स्थापित की जाएगी। नगर परिषद माखन नगर में राष्ट्रकवि माखनलाल चतुर्वेदी की मूर्ति स्थापित होगी। उन्होंने बताया कि समस्त नगरीय निकायों को निर्देश दिए गए हैं कि स्वीकृत कार्यों के प्राक्कलन तैयार कर सक्षम तकनीकी स्वीकृति के पश्चात निविदा आमंत्रित करने की कार्रवाई जल्द करें।
मंत्रालय में 14 पूर्व मुख्यमंत्रियों की प्रतिमाएं होंगी स्थापित
मप्र मंत्रालय के प्रांगण में विधानसभा की तरफ 14 पूर्व मुख्यमंत्रियों की प्रतिमाएं लगाई जा रही हैं। यह सभी प्रतिमाएं कांसे की बनी हुई हैं। करीब एक करोड़ रुपए की लागत से तैयार प्रतिमाओं का लोकार्पण 20 जून को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान करेंगे। इस मौके पर सभी पूर्व मुख्यमंत्रियों के परिजन व अन्य लोग भी मौजूद होंगे। सामान्य प्रशासन विभाग ने लोकार्पण कार्यक्रम की तैयारियां शुरू कर दी हैं। अभी मूर्तियों को पक्कें स्टैंड पर ढक कर रखा गया है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS