MP News : सागर में बनेगा लवकुश मंदिर, सीएम ने कुशवाहा समाज को सौंपा 10 करोड़ का चेक

MP News : सागर में बनेगा लवकुश मंदिर, सीएम ने कुशवाहा समाज को सौंपा 10 करोड़ का चेक
X
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सोमवार को भेल दशहरा मैदान में आयोजित कुशवाहा समाज के महाकुंभ में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि भगवान लव-कुश मंदिर निर्माण और कुशवाहा समाज के सामुदायिक भवन भव्य निर्माण किया जाएगा।

भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सोमवार को भेल दशहरा मैदान में आयोजित कुशवाहा समाज के महाकुंभ में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि भगवान लव-कुश मंदिर निर्माण और कुशवाहा समाज के सामुदायिक भवन भव्य निर्माण किया जाएगा। मुख्यमंत्री चौहान ने सामुदायिक धर्मशाला के लिए 10 करोड़ रुपए की राशि का चैक कुशवाहा सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी वर्मा को सौंपा। इस मौके पर सीएम ने कहा कि अखिल भारतीय कुशवाहा महासभा मध्यप्रदेश के कार्यालय के लिए भूमि आवंटन के संबंध में आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण की जाएगी। दमोह जिले के सीएम राइज विद्यालय का नामकरण महात्मा ज्योतिबा फुले के नाम पर किया जाएगा। महाकुंभ में पूरे प्रदेश से आए प्रतिनिधि शामिल हुए। सीएम ने कांग्रेस नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा, हम केवल घोषणा ही नहीं करते, जो कहते हैं, वो करते हैं। उल्लेखनीय है कि सीएम ने डेढ़ महीने पहले सागर में हुए कुशवाहा महासम्मेलन में मंदिर और भवन निर्माण की घोषणा की थी।

सीएम ने यह घोषणाएं

उद्यानिकी फसलों जैसे फल, फूल सब्जी आदि की बेहतर विपणन व्यवस्था के लिए पृथक उद्यानिकी फसल मार्केटिंग बोर्ड गठित किया जाएगा।

अखिल भारतीय कुशवाहा महासभा मध्य प्रदेश के कार्यालय के लिए भूमि आवंटन के संबंध में आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण की जाएगी।

उद्यानिकी फसलों के लिए पृथक मंडी बनाई जाएगी।

पूर्व घोषणाओं में कुशवाहा कल्याण बोर्ड का गठन, महात्मा ज्योतिबा फुले जयंती पर ऐच्छिक अवकाश, महात्मा ज्योतिबा फुले और सावित्री फुले की जीवनी को पाठ्यक्रम में शामिल करना है।

समाज से चंद्रगुप्त मौर्य और सम्राट अशोक जैसे रत्न निकले

सीएम ने कहा कि कुशवाहा समाज देशभक्त और परिश्रमी समाज है। इसी समाज से चंद्रगुप्त मौर्य और सम्राट अशोक जैसे रत्न निकले। हम भगवान राम, भगवान कुश के वंशज हैं। हमें गर्व है कि चंद्रगुप्त मौर्य जैसे व्यक्ति, जिन्होंने पूरी दुनिया को रोशन किया और सम्राट अशोक हमारे गौरव हैं। हमारे राष्ट्रीय ध्वज में यदि अशोक चक्र किसी की देन है तो वह कुशवाहा समाज की देन है। इस मौके पर मंत्री भारत सिंह कुशवाह, दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री डॉ. राजकुमार कुशवाहा, नंदराम कुशवाहा, अखिल भारतीय कुशवाहा महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी वर्मा सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद थे।

पृथक मार्केटिंग बोर्ड का गठन किया जाएगा

सीएम ने कहा कि कुशवाहा समाज ने राष्ट्र रक्षा के लिए अमूल्य योगदान दिया है। विदेशी हमलावारों को खदेड़ने में समाज बंधुओं ने परिश्रम किया है। स्वतंत्रता संग्राम में समाज की भागीदारी रही। महात्मा ज्योतिबा फुले और सावित्री फुले ने स्त्री शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कार्य किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज के युवाओं को कृषि उद्यानिकी के अलावा बिजनेस और लघु उद्यम के क्षेत्र में विकास के लिए प्रोत्साहित करें। भोपाल में समाज के विद्यार्थियों के लिए छात्रावास और उज्जैन में धर्मशाला की व्यवस्था के लिए प्रशासन द्वारा सहयोग दिया जाएगा। चौहान ने कहा कि फल-फूल, सब्जी के उत्पादन और व्यापार से जुड़े कुशवाहा समाज के हित में उद्यानिकी फसलों के लिए पृथक मार्केटिंग बोर्ड का गठन किया जाएगा, ताकि छोटे-छोटे किसानों को बिचौलियों से निजात मिल सके।

Tags

Next Story