MP Political News : पलायन रोकने युवाओं को यहीं रोजगार मिलेगा: नाथ

भोपाल। प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा है कि भाजपा सरकार ने अपने 18 साल में मध्यप्रदेश को चौपट राज बना दिया है। यहां शिक्षा से लेकर राशन व्यवस्था तक की स्थिति चौपट हो चुकी है। उन्होंने कहा नौकरी या रोजगार नहीं मिलने से नौजवान पलायन को मजबूर हैं। प्रदेश में जैसे ही कांग्रेस की सरकार बनेगी, हम ऐसी नीति बनाएंगे कि नौजवानों को यहीं रोजगार मिले और उन्हें काम-धंधे के चक्कर में अपना घर-गांव नहीं छोड़ना पड़े।
भाजपा सरकार ने प्रदेश को चौपट राज बना दिया
कमलनाथ शुक्रवार को बड़वानी में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा बड़वानी प्रदेश का नहीं हमारे देश का सबसे पिछड़ा हुआ क्षेत्र माना जाता है। जब 2018 में कांग्रेस की सरकार बनी नर्मदा सिंचाई योजना के लिए मैंने बड़वानी को 1100 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत की थी, लेकिन भाजपा सरकार ने 18 साल में प्रदेश को चौपट राज बना दिया है। यहां सरपंच धक्के खा रहा है। प्रदेश की तस्वीर आप सबके सामने हैं, जहां अस्पताल है वहां डॉक्टर नहीं, खंभे हैं तार नहीं, तार है बिजली नहीं, स्कूल है शिक्षक नहीं, पीने के लिए अच्छा पानी नहीं, सड़कें नहीं, कॉलेज है पर हाॅस्टल नहीं है।सबसे कम हाॅस्टल बड़वानी जिले में हैं, जो हाॅस्टल थे वह भी बंद कर दिए हैं, यह हालात हैं प्रदेश के।
किसान भाइयों, नौजवानों और माताओं के भविष्य का चुनाव
उन्होंने कहा कि आज प्रदेश का हाल यह है कि मुख्यमंत्री रोज घोषणाएं कर रहे हैं, आजकल मुख्यमंत्री नहीं है वह तो आप शिलान्यास मंत्री बन गए हैं। आने वाले समय में शिवराज सिंह का झूठ आप सब समझ जाएंगे। यह चुनाव कोई उम्मीदवार का नहीं, किसी पार्टी का नहीं, 5 महीने बाद जो चुनाव होगा यह हमारे किसान भाइयों, नौजवानों और माताओं के भविष्य का चुनाव है।
भविष्य कैसे सुरक्षित रखना है
कमलनाथ ने कहा कि बीजेपी के पास अब बचा क्या है पुलिस, पैसा और प्रशासन, उनके दबाव में मत आइएगा। उल्टा कहें कि हम 5 महीने बाद आपसे हिसाब लेंगे। भाजपा में 50 एकड़ जमीन हो पैसे दो और नाम गरीबी रेखा में जुड़वा लो, यह भ्रष्टाचार की व्यवस्था बनाई है। समय आ गया है आपको तय करना है कि भविष्य कैसे सुरक्षित रखना है। इस चुनाव में आप अपने भविष्य को सुरक्षित रखिएगा, नौजवानों के भविष्य को सुरक्षित रखिएगा।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS