MP Politics : गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा का प्रियंका पर हमला कही ये बात

MP Politics : गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा का प्रियंका पर हमला कही ये बात
X
गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के जबलपुर से नर्मदा पूजन कर चुनावी शंखनाद करने पर गांधी परिवार पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि गांधी परिवार चुनावी हिन्दू है, चुनाव के समय ही उन्हें मंदिर, पूजा याद आती है। प्रियंका चुनाव आते ही गंगा,नर्मदा मैया में डुबकी लगाने लगती हैं

भोपाल। गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के जबलपुर से नर्मदा पूजन कर चुनावी शंखनाद करने पर गांधी परिवार पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि गांधी परिवार चुनावी हिन्दू है, चुनाव के समय ही उन्हें मंदिर, पूजा याद आती है। प्रियंका चुनाव आते ही गंगा,नर्मदा मैया में डुबकी लगाने लगती हैं। गृह मंत्री डॉ. मिश्रा ने कहा कि नर्मदा मैया की पूजा करें, आरती करें कोई आपत्ति नही है, यह अच्छी बात है, लेकिन उनसे यह पूछना चाहता हूं कि चुनाव के समय ही उन्हें व उनके परिवार को यह सब याद क्यों आता है । प्रियंका गांधी यूपी चुनाव के समय भी गंगा में डुबकी लगाती दिखी थी। क्या हुआ ? केवल 2 सीटें आई। यहां नर्मदा जी का पूजन कर रही हैं, यहां भी कांग्रेस का यही हश्र होगा ।

धार्मिक मायाजाल में नही फंसता

गृह मंत्री ने कहा कि प्रियंका को चुनाव का शंखनाद के लिए संस्कार धानी जबलपुर को नही चुनना था । संस्कारधानी में वे ऐसे नेताओं के साथ मंच साझा करेंगी जिनके लिए महिलाए टंच माल, आयटम हैं। प्रियंका जी को इसको लेकर विचार करना था। गृह मंत्री ने कहा कि गांधी परिवार केवल चुनावी हिन्दू है, यह अब पूरा देश जान चुका है, इसलिए वह चुनाव में इसके धार्मिक मायाजाल में नही फंसता है।

सौदेबाजी की भाषा ही समझते हैं व्यापारी कमलनाथ-

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ के लाड़ली बहना योजना को सौदेबाजी कहने पर गृह मंत्री डॉ. मिश्रा ने पलटवार करते हुए कहा कि जिन्होंने अपने वचन पत्र में ही धोखा दिया हो, जो 15 महीने तक वल्लभ भवन में बैठकर सौदेबाजी करते रहे हों, उन्हें तो यह योजना सौदेबाजी लगेगी ही। दरअसल कमलनाथ व्यापारी हैं, उन्हें प्रेम, सेवा, समर्पण की भाषा समझ नहीं आती। उन्हें तो सौदागर, सौदेबाजी और धोखेबाजी की ही भाषा आती है।

मंत्री सिंह ने बोला हमला

नगरीय विकास एवं आवास मंत्री भूपेंद्र सिंह ने राहुल गांधी और प्रियंका को चुनावी हिंदू बताते हुए कहा है कि दोनों झूठे हैं, जो नर्मदा मैया के पावन तट को झूठ बोलने के लिए इस्तेमाल करते हैं। मंत्री सिंह सोमवार को दोपहर जबलपुर में प्रियंका गांधी के दौरे पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता भूली नहीं है, जब 5 अक्तूबर 2018 को जबलपुर में उमाघाट पर राहुल गांधी ने नर्मदा मैया की आरती करने के बाद प्रदेश के किसानों और युवाओं से झूठा वायदा करके उनके साथ चुनावी छल किया था।

बैंकों में ओवरड्यू होने से डिफाल्टर हो गए

मंत्री सिंह ने कहा कि राहुल गांधी ने एक, दो, तीन की गिनती दस तक गिन कर कहा था कि यदि 10 दिन के भीतर सभी किसानों के दो लाख रुपए तक के कर्ज माफ नहीं हुए तो दस दिन बाद कांग्रेस के मुख्यमंत्री को पद से हटा दूंगा। किसानों ने 15 महीने इंतजार किया, उनसे रंग बिरंगे फार्म भरवाए गए, लेकिन किसी एक का भी कर्जा माफ नहीं हुआ। राहुल गांधी के किसान कर्ज माफी के इस झूठे वायदे के चलते प्रदेश के 11 लाख से अधिक किसान बैंकों में ओवरड्यू होने से डिफाल्टर हो गए। उन्हें राष्ट्रीय योजनाओं का लाभ मिलना बंद हो गया। राहुल गांधी ने दस दिन क्या 15 महीने बाद भी कमलनाथ को मुख्यमंत्री पद से नहीं हटाया।

Tags

Next Story