MP Politics : प्रदेश में कानून व्यवस्था बदहाल, कोई व्यक्ति व समुदाय सुरक्षित नहीं: नाथ

भोपाल। मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा है कि 18 साल की मप्र सरकार ने प्रदेश में कानून एवं व्यवस्था की ऐसी बदहाल व्यवस्था बनाई है कि कोई व्यक्ति, कोई समुदाय सुरक्षित नहीं है। आज आवश्यकता पैर धोने की ही नहीं अपने मन का मैल धोने की भी है। पत्रकारों से चर्चा करते हुए पूर्व सीएम नाथ ने कहा कि मध्यप्रदेश में आदिवासियों पर सर्वाधिक अत्याचार और क्रूर घटनाएं हो रही है। नेमावर में हुए आदिवासी नरसंहार में मासूम बच्ची सहित परिवार के 6 सदस्यों को मारकर जमीन में गाड़ दिया गया, उसके परिजन आज तक न्याय के लिए भटक रहे हैं। गुना में आदिवासी महिला को डीजल डालकर जिंदा जला दिया गया और अब सीधी में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना हुई, जिसमें आदिवासी के मंुह पर पेशाब की गई। उक्त घटना देखकर माथा लज्जा से झुक जाता है।
उनकी सुरक्षा का वचन देता हूं
नाथ ने कहा कि दुखद पहलू यह है कि ऐसी क्रूर घटनाओं के पीछे सत्ताधारी दल भाजपा और इनसे जुड़े संगठनों के लोगों के नाम सामने आए हैं। आज सत्ताधारी दल के लोग बैखौफ होकर आदिवासियों पर, कमजोरों पर अत्याचार कर रहे हैं। उन्होंने सवाल किया कि ऐसा क्यों है कि 18 साल की भाजपा सरकार प्रदेश में ऐसी व्यवस्था आज तक नहीं बना पाई, जो गरीब और कमजोर को सुरक्षा और न्याय दे सके? ऐसा क्यों है कि कानून और व्यवस्था को सत्ताधारी दल के लोग हाथों की कठपुतली की तरह उपयोग कर रहे हैं? उन्होंने कहा कि आज मध्यप्रदेश के कमजोर, दलित, आदिवासी, बच्चों और महिलाओं को खैरात की जरूरत नहीं है, उन्हें सम्मान और सुरक्षा के साथ मानव का जीवन जीने का अधिकार चाहिए। उन्होंने कहा कि मैं प्रदेश के हर कमजोर व्यक्ति और समुदाय के साथ हूं और उनकी सुरक्षा का वचन देता हूं।
भाजपा नेताओं के संरक्षण में अपराधियों के हौसलें बुलंद: यादव
सीधी कांड पर कांग्रेस दूसरे दिन भी मुखर रही। उनके नेताओं ने भाजपा और सरकार पर जमकर हमला बोला। पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव ने कहा कि पीड़ित की पत्नी द्वारा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह एवं पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल के समक्ष अपनी पीड़ा भी व्यक्त की गई थी।
उनकी पहचान सार्वजनिक कर दी
यादव ने कहा कि प्रदेश में आए दिन महिलाओं पर अत्याचार हो रहे हैं और भाजपा नेताओं के संरक्षण में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। यादव ने पटवारी परीक्षा में ग्वालियर के एक ही कॉलेज से बड़ी संख्या में छात्रो के टॉपर आने पर उठाये सवाल उठाते हुये कहा कि ग्वालियर में जिस कॉलेज के छात्र बड़ी संख्या में टॉप में आये है वह कालेज भाजपा नेता का है। आए दिन प्रदेश में व्यापमं जैसे घोटाले हो रहे है। कृषि विस्तार अधिकारी परीक्षा, पटवारी परीक्षा एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं गड़बड़ी हो रही है। इसकी जांच होनी चाहिए। पूर्व मंत्री जीतू पटवारी ने आरोप लगाया कि सीएम ने अपने स्वार्थ के लिए पीड़ित के पैर धुलाते वक्त उनकी पहचान सार्वजनिक कर दी।
आखिर पीड़ित है कहां
प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष के.के. मिश्रा और मप्र कांग्रेस आदिवासी विभाग के अध्यक्ष रामू टेकाम ने आरोप लगाया कि सीधी में आदिवासी युवक पर पेशाब किये जाने की हुई अमानवीय घटना पर पर्दा डालने के लिए प्रदेश सरकार झूठी हमदर्दी भरे इवेंट के जरिए डैमेज कंट्रोल करने इस हद तक नीचे गिर जाएगी यह हमने सोचा भी नहीं था। नेताद्वय ने कहा कि पुलिस ने आरोपी भाजपा नेता प्रवेश शुक्ला को गिरफ्तार करने के पहले आदिवासी भाई दशमत को कस्टडी में ले लिया था, पीड़ित के परिवारजनों को मिलने तक नहीं दिया गया। लगभग 48 घंटे तक पीड़ित की पत्नी सहित परिवारजनों को यह पता नहीं था कि आखिर पीड़ित है कहां?
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS