MP Weather News : हवा में अभी नमी, दो दिन नहीं बदलेगा दिन का पारा

भोपाल। प्रदेश में एक दिन पहले कुछ जिलों में हुई बारिश के बाद शनिवार को राजधानी सहित प्रदेश के एक दर्जन से ज्यादा जिलों में दिन के तापमान में करीब 3 डिग्री तक की गिरावट रही। लेकिन इसके साथ ही रात के तापमान में औसतन एक डिग्री तक की बढ़त रही। रात का पारा औसतन 17 डिग्री तक पहुंचने से रात में सर्दी का असर कुछ कम रहा। भोपाल में दिन का तापमान 2.6 डिग्री गिरकर 31.6 डिग्री रहा, जो सामान्य से करीब एक डिग्री अधिक रहा। रात का पारा 1.2 डिग्री बढ़कर 18 डिग्री रहा, जो नॉर्मल से 1.7 डिग्री अधिक है। मौसम केंद्र के अनुसार रविवार को भी मौसम में ज्यादा बदलाव की उम्मीद नहीं है। मौसम विशेषज्ञ एके शुक्ला के अनुसार अभी हवा में कुछ नमी होने से दिन के तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, लेकिन रात का पारा मंगलवार से गिरेगा।
कहां कितना रहा तापमान
शनिवार को प्रदेश में दिन के तापमान में सबसे अधिक गिरावट खजुराहो में 4.4 डिग्री रही। यहां दिन का पारा 29.4 डिग्री रहा, जो नॉर्मल से 2.5 डिग्री कम है। वहीं, पूर्वी मप्र के ज्यादातर जिलों में दिन का पारा औसतन एक डिग्री गिरकर औसतन 32.3 डिग्री तक रहा। सबसे कम अधिकतम तापमान मलाजखंड में 28.2 डिग्री रहा। रात के तापमान में सबसे अधिक बढ़ोतरी रायसेन में 2.1 डिग्री रही। यहां न्यूनतम तापमान 17.7 डिग्री रहा। प्रदेश में सबसे कम रात का पारा पचमढ़ी में 12.2 और नौगांव में 14 डिग्री दर्ज हुआ है। प्रदेशभर में औसत रात का तापमान 17.2 डिग्री के करीब रहने से रात में सर्दी का असर कम रहा।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS