MP Weather Update : चार दिन बाद बढ़ेगी प्री-मानसून एक्टिव, जानिए मानसून कब तक देगा दस्तक

MP Weather Update : चार दिन बाद बढ़ेगी प्री-मानसून एक्टिव, जानिए मानसून कब तक देगा दस्तक
X

भोपाल। राजधानी सहित प्रदेश के ज्यादातर जिलों में अगले तीन से चार दिन में प्री-मानसून की गतिविधियां बढ़ेंगी। भोपाल सहित कई जिलों में बारिश, बौछारें और बादलों का सिलसिला तेज होगा। लेकिन, इससे गर्मी से ज्यादा राहत नहीं मिलेगी। बीच-बीच में चिलचिलाती धूप से उमस बढ़ जाएगी। शनिवार को भी भोपाल सहित लगभग सभी जिलों में दिन के तापमान में बढ़त रही। करीब पांच जिलों में पारा 43 और एक दर्जन जिलों में 40 से 42 डिग्री के बीच दर्ज हुआ है। रात के पारे में सबसे ज्यादा उछाल मलाजखंड के बाद भोपाल में 4 डिग्री तक दर्ज हुआ है।

तापमान बढ़ने के साथ ही उमस भी बढ़ रही है

शहर में रात का पारा 4 डिग्री बढ़कर 28 डिग्री रहा। मौसम केंद्र के अनुसार अगले एक-दो दिन में पश्चिमी मप्र के कुछ हिस्सों सहित करीब आधा दर्जन जिलों में बादल-बौछारें पड़ेंगी। मौसम विशेषज्ञ एके शुक्ला के अनुसार अभी प्रदेश में कोई सिस्टम एक्टिव नहीं होने से तीन-चार दिन मौसम का मिजाज ऐसा ही रहेगा। इसके बाद नमी बढऩे से प्री-मानसून एक्टिीविटीज बढ़ जाएंगी। कई जिलों में बारिश, बौछारें और गरज-चमक की स्थिति बनेगी। हालांकि, अभी गर्मी से ज्यादा राहत नहीं मिलेगी। हवा में नमी के कारण तापमान बढ़ने के साथ ही उमस भी बढ़ रही है।

कहां कितना पारा?

दमोह, खजुराहो, मलाजखंड, टीकमगढ़, सीधी सहित कई जिलों में पारा औसतन आधा डिग्री बढ़कर 43 डिग्री रहा। भोपाल, सागर, सतना, उमरिया, नौगांव, मंडला, जबलपुर, गुना, ग्वालियर, खंडवा, खरगौन, रतलाम, शिवपुरी, नर्मदापुरम आदि जिलों में पारा औसतन एक डिग्री बढ़कर 40 से 42 डिग्री के बीच रहा है। यहां गर्मी और उमस ने परेशान किया। भोपाल में पारा एक डिग्री बढ़कर 41.1 डिग्री रहा, जो सामान्य से 2.6 डिग्री अधिक है।

प्रदेश में बारिश का सिलसिला लंबा खिंच सकता है

शुक्ला के अनुसार अरब सागर की ब्रांच अभी तक अधिक एक्टिव होने से पूरी संभावना है कि मप्र में मानसून गति और दिशा पूर्व निर्धारित अनुमान के अनुसार रहेगी। प्रदेश में मानसून खंडवा, बुरहानपुर के रास्ते एंट्री करेगा। अभी अरब सागर के बीच में तूफान के कारण मानसून की गति प्रभावित हो रही है, लेकिन चार से पांच दिन में तूफानी सिस्टम कराची के करीब पहुंच जाएगा। इससे प्रदेश में भी कुछ एक्टिीविटीज बढ़ेंगी। खास बात यह है कि अरब सागर के अब तक ज्यादा एक्टिव रहने से मानसून ऑनसेट के बाद प्रदेश में बारिश का सिलसिला लंबा खिंच सकता है। इस दौरान एक सप्ताह तक लगातार बादल, बारिश का अनुमान है।

Tags

Next Story