MP Politics : शिवराज के हमले पर, नाथ का पलटवार

भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को गांधी परिवार और कमलनाथ पर जमकर हमला बोला। उन्हाेंने कहा कि जिस गांधी परिवार ने पूरे देश को और देश की जनता को ठगा, उस गांधी परिवार को कमलनाथ ठग रहे हैं। वर्ष 2018 में कमलनाथ ने राहुल गांधी से झूठे वचन दिलवाए। अब वर्ष 2023 में प्रियंका गांधी से झूठी गारंटियां दिलवा रहे हैं। मुख्यमंत्री चौहान ने यह बात अपने निवास पर आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में कही। चौहान ने कहा कि मंडला में प्रियंका गांधी ने बिना पढ़े ही, पढ़ो-पढ़ाओ की घोषणा कर दी, कांग्रेस पूरी तरह से कंफ्यूज है। मैंने वह वीडियो देखा, कई घोषणाएं करके बैठ गईं फिर कांग्रेस नेता उठे और बोले, एक और करो। अच्छा उन्हें पता ही नहीं क्या घोषणा करना है, उन्हें कांग्रेस के नेताओं की घोषणाएं पढ़ाई ही नहीं गई।
सब कुछ छीनने वाले फिर ठगने आ गए: चौहान ने आगे कहा कि मोदी के मकान छीनने वाले ये, बच्चों के लैपटॉप और साइकिल छीनने वाले, बच्चों की फ़ीस छीनने वाले ये अब फिर ठगने आ गए हैं। ठगने के पहले ये तय भी नहीं कर पाते है कि ‘महीने’ कहना है कि ‘साल’। ये कांग्रेस का झूठ है, ये राहुल गांधी और प्रियंका से लगातार झूठ बुलवा रहे है, लेकिन ये पब्लिक है जो सब जानती है।
मंच पर ही पूरी कांग्रेस कन्फ्यूज, झूठी योजना हो गईं फ्यूज
शिवराज ने कहा कि पहले मैडम बोलती हैं कि अभी-अभी एक और घोषणा मुझे बताई है। कक्षा एक से लेकर 12 वीं तक के बच्चों की स्कूली शिक्षा निशुल्क होगी। कमलनाथ फिर टोक रहे हैं प्रियंका गांधी को, करेक्शन करा रहे हैं। प्रियंका जी बोलती है आप ही बोलिए, वो कहते हैं नहीं आप बोलिए। फिर वह दोबारा पढ़ती हैं, एक से लेकर आठवीं तक 500 रुपए देंगे। नौवीं से लेकर दसवीं तक 1000 देंगे। 10 से 12 तक 1500 रुपए हर साल देंगे। फिर सुरजेवाला कहते हैं, हर साल नहीं, हर महीना। फिर मैडम कहती है, लिखा तो इसमें हर साल है। अब आप कल्पना कर सकते हैं कि पहले कुछ लिखते हैं, फिर पढ़ने का कहते हैं, कितने गंभीर हैं, वह कि हर साल में काम नहीं चलेगा तो हर महीने आ जाओ। न लेना है न देना है, बस झूठी घोषणाएं करनी हैं।
शिवराज के बयान पर कमलनाथ का पलटवार
हिंदुस्तान को गांधी परिवार पर गर्व, गांधी देश के लिए जीना और मरना जानते हैं
सीएम शिवराज के गांधी परिवार को लेकर दिए बयान पर कमलनाथ ने ट्वीट कर पलटवार किया है। उन्होंने एक्स पर लिखा - आप अत्यंत असंतुलित भाषा का प्रयोग कर रहे हैं। आज आपने सारी मर्यादाओं को तोड़ते हुए कह दिया कि गांधी परिवार ने देश को ठगा है, जिन प्रियंका के पूज्य पिताजी के बारे में आप इस भाषा का प्रयोग कर रहे हैं, वह भारतरत्न स्वर्गीय राजीव गांधी मातृभूमि के लिए शहीद हुए थे। प्रियंका की दादी श्रीमती इंदिरा गांधी ने देश की एकता अखंडता के लिए अपना लहू भारत माता को समर्पित किया था। आपकी झूठ फरेब की राजनीति, आपको मुबारक हो। मुझे और पूरे हिंदुस्तान को गांधी परिवार पर गर्व है क्योंकि गांधी देश के लिए जीना और मरना जानते हैं। एक बात और कि कांग्रेस झूठी घोषणा नहीं करती। हम तो उसी सनातन वाक्य पर चलते हैं- प्राण जाए पर वचन न जाए।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS