Weather Update : ठंड शुरू: उत्तरी हवाओं ने गिराया पारा, पचमढ़ी 13 और भोपाल 17 डिग्री के नीचे

भोपाल। राजधानी सहित प्रदेशभर में हवाओं का असर शुरू हो गया है। अभी भले ही धरातल के करीब की हवाएं दक्षिण_पश्चिमी हों, लेकिन ऊपरी हवाएं अब उत्तरी हो चुकी हैं। इन्हीं उत्तरी हवाओं के असर से रविवार को भोपाल में रात का पारा 3 डिग्री गिरकर 17 डिग्री के नीचे आ गया, जबकि हिल स्टेशन पचमढ़ी अभी से मध्यम सर्दी के आगोश में समाते हुए 13 डिग्री पर पहुंच गई है। इसके साथ ही पूरे प्रदेश में सर्दी ने शुरूआत कर दी है, जिससे दिन और रात के तापमान में गिरावट दर्ज होने लगी है। रात के तापमान में गिरावट का यह सिलसिला जारी रहेगा। इससे पूरी उम्मीद है कि 28 से 31 अक्टूबर के बीच भोपाल का पारा जहां 14 से 15 डिग्री के बीच पहुंच जाएगा, वहीं पचमढ़ी जैसे हिल स्टेशन में ठंड 10 से 12 डिग्री तक के आंकड़े छू लेगी। मौसम केंद्र के अनुसार अब रात के तापमान में गिरावट जारी रहेगी। मौसम विशेषज्ञ एके शुक्ला के अनुसार भोपाल सहित प्रदेशभर में अब रात के साथ ही दिन के तापमान में भी मामूली गिरावट जारी रहेगी। इससे अक्टूबर के अंत तक न्यूनतम तापमान शहर में 14 से 15 डिग्री तक रहेगा।
पश्चिमी विक्षोभ पाकिस्तान में, खाड़ी में सीवियर साइक्लोन
मौसम विशेषज्ञ एके शुक्ला के अनुसार अभी पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पाकिस्तान में है। वहीं बंगाल की खाड़ी में एक्ट्रीमली सीवियर साइक्लोन बना है। इसका असर प्रदेश में नहीं होगा। लेकिन लंबे समय के बाद मौसम में कुछ बदलाव हो सकता है।
शुक्ला के अनुसार अब प्रति चक्रवात का असर खत्म हो गया है। अभी प्रदेश में आने वाली हवाएं पूरी तरह उत्तरी नहीं हैं। यह उत्तर भारत की ओर आ रही हैं, जो जमीन से काफी ऊपर हैं। सतह पर हवाएं अभी दक्षिण-पश्चिमी हैं, इस लिए ठंड में ज्यादा तेजी नहीं है। भोपाल सहित प्रदेशभर में हवाएं ऊपर से नीचे की ओर घूमकर आने से तापमान में गिरावट हो रही है, जो अभी जारी रहेगी। अक्टूबर के अंत तक हवाएं लगभग पूरी तरह उत्तरी हो जाएंगी, जिससे सर्दी जोर पकड़ लेगी।
ऐसे गिरा दिन-रात का पारा
रविवार को प्रदेश में सर्वाधिक रात के पारे में गिरावट उज्जैन में 3.5, इंदौर 3.4, भोपाल 2.8 डिग्री की रही। पश्चिमी मप्र में रात का पारा सर्वाधिक गिरा। वहीं पूर्वी मप्र के नौगांव में दिन के पारे में सर्वाधिक 3.4 डिग्री की रही। यहां औसत दिन का पारा 31.6 डिग्री रहा। पश्चिमी मप्र में दिन का पारा औसत आधा डिग्री गिरकर 30.8 डिग्री के करीब रहा। भोपाल में दिन का पारा दशमलव 2 डिग्री गिरकर 33.7 डिग्री रहा, जो नॉर्मल से एक डिग्री अधिक है। यहां रात का तापमान 2.8 डिग्री गिरकर 16.9 डिग्री रहा, यह सामान्य से 1.4 डिग्री कम है।
10 साल में 34 से 36 के बीच रहा पारा
शहर में अगर पिछले 10 साल के मौसम को देखें तो पता लगता है कि 19 से 22 अक्टूबर के बीच वर्ष 2013 से 2022 के बीच 10 साल में दिन का अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री के बीच ही रहा है। 21 अक्टूबर 2022 को दिन का सर्वाधिक पारा 35.7 डिग्री रहा। रात का सबसे कम तापमान 22 अक्टूबर 2018 को 16.6 डिग्री रहा है, जबकि 24 अक्टूबर 2017 को पारा 14.9 डिग्री रहा है। पिछले साल 25 और 31 अक्टूबर को सबसे कम रात का तापमान 14 डिग्री तक पहुंच गया था।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS