तीन दिन बंद रहेंगी राशन दुकानें, मांगे मनवाने पर अड़े दुकानदार

तीन दिन बंद रहेंगी राशन दुकानें, मांगे मनवाने पर अड़े दुकानदार
X
राजधानी सहित प्रदेश भर में तीन दिन राशन वितरण बंद रहेगा। इससे प्रदेश के करीब चार करोड़ से अधिक हितग्राही प्रभावित होंगे। दरअसल, शासकीय उचित मूल्य की दुकानों के विक्रेता-प्रबंधक 7, 8 और 9 फरवरी को ऑल इंडिया फेयर प्राइज शॉप डीलर्स फेडरेशन के समर्थन में हड़ताल पर रहेंगे।

कमीशन बढ़ाने सहित अन्य मांगों को लेकर बंद रहेंगी दुकानें

भोपाल। राजधानी सहित प्रदेश भर में तीन दिन राशन वितरण बंद रहेगा। इससे प्रदेश के करीब चार करोड़ से अधिक हितग्राही प्रभावित होंगे। दरअसल, शासकीय उचित मूल्य की दुकानों के विक्रेता-प्रबंधक 7, 8 और 9 फरवरी को आॅल इंडिया फेयर प्राइज शॉप डीलर्स फेडरेशन के समर्थन में हड़ताल पर रहेंगे। इसके चलते सभी राशन दुकानों को बंद रखा जाएगा। इस संबंध में फेडरेशन की मप्र इकाई ने मुख्यमंत्री, सहकारिता मंत्री और खाद्य मंत्री को भी अवगत करा दिया है।

पुराना कमीशन अटका और नया मिल नहीं रहा

राजधानी उपभोक्ता भंडार संचालक कल्याण समिति का कहना है कि वर्तमान में सेल्समैन को प्रति क्विंटल 70 रुपए कमीशन मिलता है। अप्रेल 2022 को यह कमीशन बढ़ाकर 90 रुपए कर दिया गया है, लेकिन वर्तमान समय तक बढ़ा हुआ कमीशन नहीं दिया गया। यहीं नहीं पीएमजीकेवाय का कमीशन भी किसी दुकानदार को नहीं दिया गया। इसके पहले 13 माह की अंतर राशि भी अटकी हुई है।

हड़ताल के चलते आगे बढ़ा अन्न उत्सव

राजधानी सहित प्रदेश भर में हर महीने की सात तारीख को अन्न उत्सव मनाया जाता है। फरवरी में यह परंपरा हड़ताल के चलते टूट रही है। इस बार 10, 11 और 13 फरवरी को अन्न उत्सव मनाया जाएगा। इस संबंध में प्रमुख सचिव खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षा के द्वारा आदेश जारी कर दिए गए हैं।

Tags

Next Story