770 करोड़ रुपए से सुधरेगी पूरे प्रदेश की सड़कें, इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए दिए जाएंगे 80,80 लाख रुपए

भोपाल। प्रदेश के नव निर्वाचित जन प्रतिनिधियों के प्रशिक्षण सत्र में सोमवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने घोषणा की कि पूरे प्रदेश के नगरीय क्षेत्रों की सड़कों के पुनर्निर्माण के लिए 770 करोड़ रुपए दिए जाएंगे। साथ ही आश्वस्त किया नगरीय निकायों में मुख्य नगर पालिका अधिकारियों के रिक्त पदों पर सशक्त मुख्य नगर पालिका अधिकारी की पदस्थापना की जाएगी। साथ ही सफाई कर्मचारियों के लिए समूह बीमा योजना में दुर्घटना जनित मृत्यु पर अब 2 लाख के स्थान पर अब 5 लाख रुपए मिलेंगे।
स्टेशन से महाकाल तक रोप वे
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि स्मार्ट सिटी मिशन में 14 शहरों में रोपवे का निर्माण किया जाएगा। इनमें उज्जैन नगर भी शामिल है, जहां यात्री ट्रेन द्वारा रेलवे स्टेशन पहुंचने के बाद आकाश मार्ग से सीधे श्री महाकाल महालोक तक पहुंच सकेंगे। नगरों में सड़कों पर बढ़ती भीड़ को देखते हुए यातायात के लिए नए विकल्प अपनाए जाएंगे।
नए भवन के लिए एक करोड़
भवन विहीन नव गठित 35 नगरीय निकायों को 1, 1 करोड़ रुपए की राशि भवन निर्माण के लिए दी जाएगी। इन्हें अधोसंरचना विकास के लिए भी 80 , 80 लाख रुपए दिए जाएंगे। अन्त्योदय दीनदयाल रसोई योजना सभी शहरों में शुरू की जाएगी। अमृत योजना में 12 हजार 800 करोड़ रुपए शहरों में हर घर जल की उपलब्धता और स्वीकृत सीवरेज परियोजनाओं के लिए शुरू किए जाएंगे।
उल्लेखनीय उपलब्धि पर प्रोत्साहन अनुदान
मुख्यमंत्री ने राजस्व संग्रहण एवं स्वच्छता में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने वाले नगरीय निकायों को प्रोत्साहन अनुदान और सम्मान प्रदान किए। उल्लेखनीय राजस्व संग्रहण पर एक लाख से अधिक जनसंख्या वाले नगरीय निकाय नर्मदापुरम को 30 लाख रूपए, मंदसौर को 20 लाख और विदिशा को 15 लाख रुपए का प्रोत्साहन अनुदान दिया। एक लाख से कम जनसंख्या के नगरीय निकाय राघोगढ़ को 30 लाख शाजापुर को 20 लाख और मैहर को 15 लाख रुपए का प्रोत्साहन अनुदान दिया गया।
इसी तरह 25 हजार से अधिक जनसंख्या के नगरीय निकाय महूगांव को 15 लाख 50 हजार, राऊ को 10 लाख और धामनोद, शामगढ़ और मनासा को 5, 5 लाख रुपए दिए गए। 25 हजार से कम जनसंख्या के नगरीय निकाय उचेरा को 15 लाख 50 हजार रुपए, बड़कूही को 10 लाख और विरसिंहपुर, खजुराहो तथा बड़ामलहरा को 5, 5 लाख रुपए का प्रोत्साहन अनुदान दिया गया।
मुख्यमंत्री चौहान ने राष्ट्रीय स्तर पर अवाॅर्ड प्राप्त करने वाले नगरीय निकाय इंदौर, भोपाल, उज्जैन, छिन्दवाड़ा, मुंगावली, खुरई, खजुराहो, महू केंट, औबेदुल्लागंज, फूपकलां, पेटलावद, बड़ौनी, भिण्ड, बीना, इटावा, मलाजखण्ड, लवकुश नगर, बुधनी और तेंदूखेड़ा को सम्मानित किया।
कार्यक्रम में यह थे मौजूद
इस दौरान नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री हरदीप सिंह डंग, विधायक रामेश्वर शर्मा और कृष्णा गौर, महापौर भोपाल नगर पालिक निगम मालती राय सहित सभी नगर निगमों के महापौर, स्पीकर, नगरीय निकायों के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं पार्षद तथा अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS