साध्वी प्रज्ञा ने 'लापता' होने पर दी सफाई, कोरोना काल में गायब होने का बताया कारण

भोपाल। कोरोना महामारी के बीच भोपाल से सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर के भोपाल में कहीं नजर नहीं आने पर सियासी बवाल मच गया था। सांसद साध्वी प्रज्ञा के लापता होने के पोस्टर लगाए गए और कांग्रेस ने कई बार उन पर निशाना साधा। अब भाजपा सांसद प्रज्ञा ठाकुर ने कोरोना काल के दौरान अपने गायब होने पर सफाई दी है। उन्होंने कहा है कि- 'पीएम मोदी ने विहिप जारी किया था, जिसके तहत वो दिल्ली में थीं। उसके अलावा जब वो भोपाल आना चाहती थीं तब फ्लाइट बंद कर दी गई, जिसके कारण वो भोपाल नहीं आ पाई लेकिन अपने हेल्पलाइन के माध्यम से वो सभी जरुरतमंदों की मदद करती रही हैं। उसके अलावा उन्होंने कहा कि- फिर भी कांग्रेस ने उनके लिए राजनीति की जो गलत है।'
बता दें भोपाल दक्षिण पश्चिम से विधायक और कांग्रेस सरकार में मंत्री रहे पीसी शर्मा ने कहा था कि, इस संकट के समय में भोपाल से भाजपा सांसद साध्वी प्रज्ञा का गायब होना बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है। शहर की जनता कई दिनों से परेशानियों का सामना कर रही है लेकिन क्षेत्र की सांसद गायब है। सांसद ने दूसरे राज्यों में फंसे मजदूरों को भोपाल में लाने के लिए कोई प्रयास नहीं किए।
कांग्रेस द्वारा साध्वी को घेरने के बाद भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष और विधायक रामेश्वर शर्मा ने कांग्रेस को जवाब दिया था कि, 'साध्वी प्रज्ञा ठाकुर को कांग्रेस की सरकार ने बहुत प्रताड़ित किया। उनको टार्चर किया गया, करंट लगाया गया, साथ ही कई तरह के रासायनिक पदार्थों के इंजेक्शन दिए गए। साध्वी उससे पीड़ित हैं। साध्वी की आंख में इससे रिएक्शन हो गया है। एक आंख बिल्कुल खुल नहीं रही और दिखना बंद हो गया है। पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह के इशारे पर डॉ. मनमोहन सिंह की सरकार में उन पर जेल में बहुत ही अत्याचार किए गए, साध्वी भागी नहीं हैं, मैदान में हैं। उनके सभी कार्यकर्ता उनके साथ हैं। हमें बताएं क्या परेशानी है, क्या चाहिए। साध्वी ने अपनी सांसद निधि कोरोना के लिए दे दी है।'
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS