सागर : दो पक्षों में खूनी संघर्ष, विवाद की वजह पुरानी रंजिश

सागर/देवरी कलां। मध्यप्रदेश के सागर जिले में दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। इस संघर्ष में 2 महिलाएं समेत 11 लोग घायल हो गये, जिसमें से एक की हालत गंभीर है। घायलों को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। दोनों पक्षों के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया गया है।
मामला देवरी थाना अंतर्गत ग्राम कंकन टोला का है। प्राप्त जानकारी के अनुसार सिंगपुर गंजन के कंकन टोला में निवासरत नौरादेही अभ्यारण से विस्थापित ग्वालिया समुदाय के दो गुटों में गुरूवार सुबह हुए विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। पुरानी रंजिश के चलते उपजे इस विवाद में दोनों पक्षों की ओर से खुलकर धारदार हथियार चलाये गये, जिसमें 11 लोग घायल हो गये। झगड़े की सूचना मिलने के बाद पहुंची देवरी थाने की डायल 100 द्वारा घायलों को देवरी सामुदायिक स्वास्थ केन्द्र पहुंचाया गया। विवाद में एक शख्स की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे जिला चिकित्सालय रिफर किया गया है।
दोनों पक्षों द्वारा झगड़े की वजह को अलग-अलग बताकर एक दूसरे पर आरोप लगाये गये हैं। विगत लंबे समय से चल रहे इस विवाद की शिकायत पहले भी देवरी थाना में की गई थी। पुलिस ने दोनों पक्षों की रिपोर्ट पर 307 सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS