पैतृक गांव आंखमऊ में आज होगा शरद यादव का अंतिम संस्कार, दिल्ली से आकर भोपाल से रवाना हुई पार्थिव देह

भोपाल। समाजवादी नेता शरद यादव का अंतिम संस्कार आज उनके पैतृक गांव आंखमऊ में किया जाएगा। उनकी पार्थिव देह आज दोपहर लगभग 12 बजे चार्टर्ड फ्लाइट से दिल्ली से भोपाल आई। यहां मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा, विधायक जयवर्धन सिंह एवं पीसी शर्मा, कांग्रेस के प्रदेश पदाधिकारी राजीव सिंह सहित बड़ी तादाद में नेताओं ने राजाभोज विमानतल पहुंच कर पार्थिव देह पर पुष्प अर्पित कर अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की और परिवार को ढाढस बंधाया। लगभग 1 बजे उनकी पार्थिव देह सड़क मार्ग से आंखमऊ के लिए रवाना हो गई। दिग्विजय सिंह भी सड़क मार्ग से आंखमऊ गए हैं। वे शरद यादव के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे। शरद यादव का निधन गुरुवार को 75 साल की उम्र में दिल्ली के एक निजी अस्पताल में हो गया था।
शिवराज ने कहा- गलत के खिलाफ हमेशा बोलते थे शरद यादव
राजा भोज विमानतल पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि शरद यादव हमेशा गलत के खिलाफ बोलते और आवाज उठाते थे। गांव के लिहाज से वे मेरे पड़ोसी थी। मैं नर्मदा के इस पार रहता था और वे उस पार। वे बचपन से ही जझारू थे। वे छात्र जीवन से ही राजनीति के पटल पर छा गए थे। लगभग 25 साल की उम्र में वे जेल से चुनाव जीत गए थे। शिवराज ने कहा कि उन्होंने हमेशा नैतिकता की राजनीति भी की। जब इंदिरा गांधी ने इमरजेंसी लगाई और संसद का कार्यकाल 6 साल कर दिया था, तब शरद यादव ने संसद से इस्तीफा देकर कहा था कि जनता ने हमें 5 साल के लिए चुना है, 6 साल के लिए नहीं।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS