MP news : दीपदान से रोशन हुई शीतलदास की बागिया, भोजपुरी समाज के लोगों ने दिया सूर्य को अर्घ्य

भोपाल। आस्था के छठ महापर्व पर रविवार शाम शहर में 60 से अधिक स्थानों पर भोजपुरी और पूर्वांचल समाज के लोगों ने अस्त होते सूर्यदेव को अर्घ्य देकर पूजा की। शीतलदास की बगिया सहित अन्य जगहों पर शाम करीब 5 बजे के बाद पूजन की शुरुआत हुई। पूजा स्थालों पर कमर तक पानी में खड़े व्रतधारी हाथ में पूजन सामग्री से सजी टोकरी और सूप लिए डूबने की ओर अग्रसर हो रहे सूर्यदेव को निहारकर मनुहार कर रही थी। सुन लो अरजिया हमार हे छठी मैय्या... और उन्होंने यह भी प्रार्थना की कि अपने सरन में ही रखिह छठी मैया, दिह आसिस हजार...। महिलाओं ने सूर्य देव से अपने बच्चों पर परिवार के सदस्यों के अच्छे स्वास्थ्य व दीर्घ आयु का आशीर्वाद मांगा। इस दौरान छठ पूजन के दौरान भोजपुरी लोकगीत की गूंज जगमगाते दीप और पुष्पवर्षा हो रही थी। छठ पूजा महोत्सव पर घाटों में कमर तक पानी में खड़े होकर व्रतधारियों ने ओम सूयार्य: नम: के जयघोष के साथ डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया और आराधना की। सोमवार को उगते हुए सूर्य को अर्घ्य देकर व्रत का समापन होगा।
छठ पूजा का आयोजन राजधानी में अनेक स्थानों पर हुआ। भेल बरखेड़ा पठानी क्षेत्र में सरस्वती देवी मंदिर प्रांगण में भक्तिमय एवं धार्मिकता के साथ 64वां छठ पूजा का आयोजन किया गया। इस मौके पर छठ मईया के मधुरिम गीतों के साथ देवी जागरण एवं भजन गायन की मनमोहक एवं सुन्दर प्रस्तुति बिहार के प्रसिद्ध मां कंकाली की टोली द्वारा दी गई। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप मे समिति की संरक्षक एवं विधायक कृष्णा गौर व डिप्टी कलेक्टर मनोज वर्मा आदि मौजूद थे। इसके अलावा गौरीशंकर परिषद, स्वामी विवेकानंद कॉलोनी के पास, खटलपुरा घाट, कालीघाट तलैया, प्रेमपुरा घाट, संजीव नगर, सीहोर नाका, काशी विश्वनाथ मंदिर बागसेवनिया, पांच नंबर, कोलार नगर, ओल्ड सुभाष नगर, दुर्गा मंदिर, एकतापुरी अशोका गार्डन में भी छठ पूजा कर दीपदान किया गया।
स्वच्छता में भागीदारी निभाने लिया संकल्प
मुख्य कार्यक्रम शीतलदास की बगिया में किया गया। इस मौके पर महिलाओं ने निर्जला व्रत रखा तथा गन्ना, नारियल, सिंघाड़ा, मौसमी फल अर्पित कर छठ माता की पूजा-अर्चना कर सूर्य भगवान को अर्घ्य दिया। यहां भोजपुरी गायक-गायिकाओं ने भजन प्रस्तुत किए। स्वच्छता अभियान में भागीदारी निभाने का भी संकल्प लिया। इसके बाद दीपदान किया गया। शीतलदास की बगिया में श्रद्धालुओें ने 2100 दीपों से दीपदान किया। इससे तलाब रोशनी से जगमगा गया। रंगारंग अतिशबाजी ने भी लोगों को खूब लुभाया। दीपदान के बाद नौकायन भी हुए।
दो लाख लोगों ने की छठ माता की पूजा-अर्चना
राजधानी के 60 से अधिक स्थानों पर करीब दो लाख से अधिक श्रद्धालु शामिल हुए। छठ पर्व के मौके पर टीम इंडिया की जीत की कामना की। इस मौके पर यहां पर मैच देखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए। सर्वाधिक भीड़ शीतलदास की बगिया, सरस्वती मंदिर बरखेड़ा, खटलापुरा, पांच नंबर तालाब और सरयूघाट अयोध्या नगर में रही। इस बार पूजा स्थलों पर पहुंचने वालों की संख्या 40 प्रतिशत अधिक रही। इसका कारण घाटों की संख्या बढ़ाई गई।
खटलापुरा छठ घाट पर हुआ सांस्कृतिक आयोजन
छठ घाट खटलापुरा पर हजारों छठ व्रतियों ने डूबते हुए सूर्य को अर्घ्य दिया। इस अवसर पर भोजपुरी महोत्सव समिति खटलापुरा द्वारा सांस्कृतिक आयोजन भी कराया गया। भोजपुरी के प्रसिद्ध गायक कल्पनाथ यादव और गायिका गीतांजली राज ने छठ मैया के भजनों की प्रस्तुति देकर समस्त श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस अवसर पर एडीजी अनुराधा शंकर सिंह ने कहा कि छठ एक महापर्व है और छठ में विशुद्ध रूप से प्रकृति की पूजा होती है। इस अवसर पर पूर्व विधायक सुरेंद्र नाथ सिंह सहित बड़ी संख्या में भोजपुरी समाज के लोग मौजूद थे।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS