उप्र के चुनावी सभाओं में मुख्यमंत्री ने सपा, बसपा व कांग्रेस पर जमकर बोला हमला

उप्र के चुनावी सभाओं में मुख्यमंत्री ने सपा, बसपा व कांग्रेस पर जमकर बोला हमला
X
उत्तरप्रदेश में अंतिम चरण की चुनावी सभाओं को संबोधित करते हुए मप्र के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सपा, बसपा और कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। इस मौके पर भारत सरकार के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी मौजूद थे। इस दौरान शिवराज ने उप्र की सकलडीहा और ओबरा विधानसभा में सपा सरकार के कार्यकाल को भ्रष्टाचार, भय और आतंक का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि सम्रद्ध उप्र के लिए पुनः भाजपा व डबल इंजन की सरकार जरूरी है।

भोपाल। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में और योगी के नेतृत्व में उत्तरप्रदेश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी को जिताने की अपील करते हुए कहा की उप्र के सर्वांगीण विकास के लिए, जनता की खुशहाली के लिए, किसानों की तरक्की के लिए भाजपा सरकार जरूरी है। उन्होंने कहा की हमने देखा है अफगानिस्तान संकट हो या कोविड काल में दुनिया भर में फंसे भारतीयों को सुरक्षित वापस लाया गया। माेदी हर संकट में जनता के साथ खड़े हैं, पहले भी ऑपरेशन वंदे मातरम चलाकर भारतीय नागरिकों को सुरक्षित वापस लेकर आए हैं। अभी ऑपरेशन गंगा चल रहा है, लेकिन अखिलेश बबुआ का तो उत्तरप्रदेश में ऑपरेशन दंगा चलता है।

ये है अखिलेश का समाजवाद-

शिवराज ने कहा कि अखिलेश का समाजवाद नकली है, सपा के समाजवाद में साम्प्रदायिकता, माफियाराज और जातिवाद है। अखिलेश के समाजवाद की अलग परिभाषा है। उन्होंने सपा के समाजवाद का मतलब बताते हुए कहा की स से साम्प्रदायिकता, मा से माफियाराज, और ज से जातिवाद ही सपा का समाजवाद है, ये ही सपा के समाजवाद की व्याख्या है और अखिलेश इन्हीं तीन की राजनीति कर रहे हैं, ये ही इनका समाजवाद है ।

कांग्रेस राज में कभी इतनी जल्दी वैक्सीन नहीं बनी-

उन्होंने कहा की मोदी के नेतृत्व में विश्व का सबसे बड़ा वैक्सीनेशन अभियान चलाया गया, उन्होंने सम्पूर्ण देशवासियों को वैक्सीन का कवच दिया। आज अगर हम सुरक्षित है, तो उसका श्रेय नरेंद्र मोदी को जाता है। उन्होंने कहा की यह भारत के प्रधानमंत्री मोदी ही थे, जिनके नेतृत्व मे तुरंत टीका बना, वैक्सीन बनी। उन्होंने सवाल करते हुए कहा की अगर मोदी नहीं होते तो वैक्सीन बनती क्या? कांग्रेस के राज में कभी वैक्सीन नहीं बनी। आज वैक्सीन भी बनी और करोड़ों-करोड़ लोगों को लगी भी, तब बबुआ जनता को कहते थे, वैक्सीन मत लगवा लेना, यह मोदी वैक्सीन है, और अकेले में जाकर खुद ही लगवा आए।

भाजपा जीतेगी बम्पर वोटों से-

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तरप्रदेश में भारतीय जनता पार्टी बम्पर जीत रही है, और अखिलेश की साइकिल इस बार फिर पंचर होगी। उन्होंने कहा की क्या कभी कांग्रेस और सपा की सरकार ने गरीबों को मुफ्त में राशन नहीं दिया, क्या कभी गरीबों को पक्के घरों की सौगात दी, क्या कभी महिलाओं को गैस सिलेंडर दिए, क्या कभी किसानों को सम्मान निधि दी? यह सब अगर किसी ने दिया है तो भाजपा की सरकार ने दिया है। प्रधानमंत्री मोदी सबका साथ सबका विकास के मंत्र को साकार कर रहे हैं। उत्तरप्रदेश आज देश की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बना है। उन्होंने कहा कि आप सभी से अपील करने आया हूं, इस बार मत चूकना आज उत्तरप्रदेश में डबल इंजन की सरकार ने अनेकों सौगातें प्रदान की हैं जो पहले कभी नहीं मिली, उप्र की जनता कह रही है, जो राम को लाए हैं, हम उनको लाएंगे। इसलिए उत्तरप्रदेश की जनता योगी आदित्यनाथ फिर से मुख्यमंत्री बनाने बम्पर वोटों से जिता रही है।

-------

Tags

Next Story