भाजपा को झटका: रीवा में कांग्रेस के अजय, मुरैना में शारदा की जीत: कटनी में निर्दलीय प्रीति की जय, देवास, रतलाम में भाजपा की विजय

भोपाल। मध्यप्रदेश में नगर निगमों के चुनाव भाजपा के लिए किसी बड़े झटके से कम नहीं है। पिछले चुनाव में उसने सभी 16 नगर निगम जीते थे लेकिन इस बार 7 हाथ से खिसक गई। पहले चरण की मतगणना में 7 भाजपा, 3 कांग्रेस और एक आम आदमी पार्टी ने जीती थी। दूसरे चरण में आज कांग्रेस ने फिर दो नगर निगम मुरैना और रीवा झटक लिए। कटनी में भाजपा की बागी निर्दलीय प्रीति सूरी ने बाजी मार ली। भाजपा को दो नगर निगमों देवास, रतलाम से ही संतोष करना पड़ा। अलबत्ता, छिंदवाड़ा को छोड़ सभी जगह परिषद भाजपा की बन रही है क्योंकि पार्षद उसके ज्यादा जीते हैं। नतीजों से मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और भाजपा में मायूसी है तो कांग्रेस के कमलनाथ और अन्य नेताओं में जश्न का माहौल।
ऐसे आए नतीजे
रीवा में कांग्रेस प्रत्याशी अजय मिश्रा लगभग 9 हजार वोटों से भाजपा के प्रबोध व्यास को हराया। कांग्रेस का यहां 24 साल बाद सूखा खत्म हुआ। रीवा में खुद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दो बार सभा की थी। केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के गढ़ मुरैना में कांग्रेस प्रत्याशी शारदा सोलंकी ने 12874 वोटों से जीत दर्ज की। रतलाम में भाजपा के महापौर प्रत्याशी प्रहलाद पटेल 8591 वोट से जीते। देवास में भी भाजपा प्रत्याशी गीता अग्रवाल ने 45884 वोटों से जीत दर्ज की है। यह आज की सबसे बड़ी जीत है।
वीडी शर्मा के गढ़ में बागी आगे
भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा के संसदीय क्षेत्र कटनी में सबसे ज्यादा रोचक मुकाबला है। यहां भाजपा की बागी प्रत्याशी प्रीति सूरी ही भाजपा प्रत्याशी ज्योति को कड़ी टक्कर दे रही हैं। प्रीति सात राउंड की काउंटिंग पूरी होने के बाद लगभग 5 हजार वोट से आगे थीं। बीच में जरूर एक बार भाजपा प्रत्याशी आगे हुईं, लेकिन इसके बाद से प्रीति लगातार लीड लिए हुए हैं। कांग्रेस यहां तीसरे नंबर पर है। अब खबर है कि आठ राउंड के बाद 5287 वोट से प्रीती संजीव सूरी चुनाव जीत गई हैं।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS