आरटीओ कर्मचारियों की हड़ताल, न लाइसेंस बने, न हुए वाहनों के फिटनेस

भोपाल।राजधानी सहित प्रदेश भर में परिवहन विभाग के मप्र परिवहन (राजपत्रित) अधिकारी संगठन के तत्वावधान में विभाग के अधिकारी व कर्मचारी सोमवार को अपनी सात सूत्रीय मांगों के चलते हड़ताल पर चले गए।इसके चलते हजारों आवेदकों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। हड़ताल के चलते न तो लाइसेंस बने न ही वाहनों का फिटनेस हो सका। भोपाल आरटीओ कार्यालय का सोमवार को ताला ही नहीं खुला। इसके चलते सोमवार को सैकड़ों आवेदकों को वापस लौटना पड़ा।
काम पर लौटेंगे
मध्य प्रदेश परिवहन (राजपत्रित) अधिकारी संगठन ने सात सूत्रीय मांगों को लेकर सोमवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का निर्णय लिया था। इससे पहले, संगठन के पदाधिकारी निरंतर मांगों को लेकर परिवहन आयुक्त व शासन स्तर के अधिकारियों को ज्ञापन दे रहे थे, लेकिन मांगों पर ध्यान नहीं दिया जा रहा था। इसके चलते सभी हड़ताल पर चले गए। इसके बाद आला-अधिकारियों से हड़ताल पर गए कर्मचारी संगठनों की चर्चा हुई। इसके बाद शाम के समय हड़ताल स्थगित कर दी। अब मंगलवार को आरटीओ कार्यालय पूरी तरह खुलेगा और सभी कार्य सामान्य रूप से होंगे। मप्र परिवहन राजपत्रित अधिकारी संगठन की हड़ताल स्थगित, काम पर लौटेंगे।
गेट पर लगा ताला खोलने नहीं दिया
सुबह करीब 10 बजे से सोमवार को आरटीओ में आवेदकों का आने का सिलसिला शुरू हो गया था। यहां आने पर अधिकांश आवेदकों को हड़ताल की जानकारी मिली। इसकी वजह से हजारों की संख्या में आवेदक मयूस होकर वापस लौट गए। हड़ताल कर रहे कर्मचारियों ने गेट पर लगा ताला खोलने नहीं दिया। इसके चलते अधिकांश आवेदक बाहर के बाहर ही लौट गए। लाइसेंस बनवाने आए आवेदक केएल पाटिल ने बताया 5 जून की तारीख मिली थी। इस पर वह लाइसेंस बनवाने पहुंचे, लेकिन यहां आकर पता चला हड़ताल है। इसके चलते खासी परेशानी का सामना करना पड़ा।
15 दिन के आश्वासन के बाद हड़ताल स्थगित
मध्य प्रदेश परिवहन (राजपत्रित) अधिकारी संगठन के अध्यक्ष जितेंद्र सिंह रघुवंशी ने बताया कि परिवहन आयुक्त एसके झा को अधिकारी कर्मचारी संघ की ओर से ज्ञापन दिया है। उन्होंने आश्वासन दिया गया कि आपकी मांगों को 15 दिन के अंदर पूर्ण करने का पूर्ण प्रयास करेंगे। इसलिए यह हड़ताल स्थगित कर दी है।
1 दिन में बनते हैं 450 लर्निंग लाइसेंस
भोपाल आरटीओ कार्यालय में 450 लर्निंग लाइसेंस, 500 से अधिक फिटनेस, 500 परमिट, 1000 रजिस्ट्रेशन सहित सैकड़ों की संख्या में गाड़ी ट्रांसफर के मामले एक दिन में आते हैं। अचानक हुई हड़ताल की लोगों को जानकारी नहीं थी।जब आवेदक काम कराने आरटीओ कार्यालय पहुंचे, तब उन्हें पता चला, जिससे बिना काम के लौटना पड़ा। इसके चलते आवेदकों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा।
फिटनेस बनवाने आए युवक ने बताया
शकील खान ने बताया वह ट्रक की फिटनेस के लिए शुक्रवार को आए थे। लेकिन देर होने की वजह से उस दिन नहीं हो सकी, वहीं शनिवार-रविवार की छुट्टी के चलते भी काम नहीं हो सका। उम्मीद थी कि सोमवार को काम हो जाएगा। लेकिन हड़ताल की वजह से फिटनेस नहीं हो सकी। तीन दिन से यहां आया हूं। काम का नुकसान हो रहा है। पहले से माल लोडिंग की बुकिंग थी। पार्टी फोन लगाकर उलटा-सीधा बोल रही है। काफी परेशानी हो रही है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS