ग्वालियर में पार्षद को शादी की सालगिरह के दिन जन्मदिन पार्टी में बुलाया और कर दी हत्या, 1 गिरफ्तार, चक्का जाम

भोपाल। केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर का करीबी और राज्य मंत्री भरत सिंह कुशवाह के रिश्तेदार पार्षद शैलेंद्र कुशवाह की कल 23 नवंबर को शादी की सालगिरह थी। रात लगभग 10 बजे राजेश शर्मा अपने कुछ साथियों के साथ आया और जन्मदिन पार्टी के लिए साथ ले गया। देर रात सभी ने लाठी, राड और सरिया से हमला कर उसकी हत्या कर दी। पार्षद कुशवाह का इन लोगों से पहले विवाद हुआ था लेकिन बाद में आपस में बातचीत होने लगी थी। घटना से नाराज पार्षद के परिजन और समर्थकों ने बारादरी चौराहा पर चक्काजाम कर पुलिस थाना घेर लिया। पुलिस ने 5 आरोपियों में से 1 को गिरफ्तार कर लिया है।
पार्षद की पत्नी ने दी यह जानकारी
शैलेंद्र की पत्नी राधा कुशवाह ने पुलिस को बताया कि 23 नवंबर बुधवार को उनकी शादी की सालगिरह थी। बुधवार शाम 6 बजे पति घर आए। बच्चों ने शादी की सालगिरह के लिए केक और मिठाई लाने की जिद की तो वे केक और खाने-पीने का सामान लेने बाजार चले गए। वे रात 10 बजे घर लौटे। इसके कुछ समय बाद राज उर्फ राजेश शर्मा, भूरा उर्फ सर्वेश तोमर, विक्की कौशल, विनीत राजावत और धीरज पाल आए। वे बर्थडे पार्टी का कहकर पति को साथ लेकर चले गए।
दोस्त विक्की के जन्मदिन पर गए थे
जानकारी के अनुसार पार्षद के दोस्त विक्की कौशल का बुधवार को जन्मदिन था। उसने देर रात पार्टी रखी थी। पार्षद की पत्नी राधा के मुताबिक, आरोपी उनको साथ लेकर चले गए। इसके ढाई घंटे बाद पति पर हमले की सूचना मिली। आरोपी राजेश शर्मा सुबह से ही पति के साथ था। पति की एक दिन पहले ही भूरा तोमर से लड़ाई हुई थी। यह झगड़ा ढाबे पर खा-पीकर हंगामा करने के कारण हुआ था। दो दिन पहले ही भूरा ने दोबारा बातचीत शुरू की थी। पति ने भी अपनी तरफ से बातचीत शुरू की थी। पत्नी राधा ने बताया कि बुधवार रात 11.30 बजे पति शैलू कुशवाह से बात हुई। तब तक सबकुछ सामान्य था। पति ने कहा था- थोड़ी देर में आ रहा हूं।
पुलिस में परिजनों ने की यह शिकायत
पुलिस को दिए शिकायती आवेदन में परिजनों ने बताया कि रात 12.30 बजे हमें जानकारी मिली कि पार्षद को वंशीपुरा चौराहे पर राज उर्फ राजेश शर्मा, भूरा उर्फ सर्वेश तोमर, विक्की कौशल, विनीत राजावत और धीरज पाल लाठी और सरियों से मार रहे हैं। राधा ने बताया कि वह, सास लक्ष्मी कुशवाह, ससुर रामबाबू कुशवाह, चाचा नरेश कुशवाह और देवर रामू कुशवाह को लेकर वंशीपुरा चौराहा पहुंचे। वहां पांचों हमलावर पति को पीट रहे थे। हम सभी को आता देखकर सभी भाग गए। पति शैलेंद्र कुशवाह को घायल हालत में लेकर जिला अस्पताल मुरार पहुंचे, जहां ड्यूटी डॉक्टर ने जांच कर जयारोग्य हॉस्पिटल रेफर कर दिया। यहां इलाज के दौरान रात ढाई बजे शैलेंद्र कुशवाह की मौत हो गई।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS