किसानों की चिंता सरकार करेगी, मामा करेगा, बोलकर शिवराज ने खातों में डाल दी इतनी रकम

भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि किसानों को अब किसी भी बात की चिंता करने की जरूरत नहीं है। उनकी सारी समस्याओं का समाधान सरकार करेगी। किसान सम्मान निधि के रूप में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 6 हजार रूपए दे रहे हैं, उसमें 4 हजार अलग से कुल 10 हजार रुपए सरकार आपको दे रही है। किसानों की चिंता सरकार करेगी, मामा करेगा। मुख्यमंत्री चौहान शनिवार को मिंटो हाल में आयोजित किसान सम्मान निधि वितरण कार्यक्रम में बोल रहे थे। इस दौरान उन्होंने एक क्लिक से करीब 77 लाख किसानों के बैंक खातों में 1540 करोड़ रुपए अंतरित किए। इस मौके पर विदिशा रायसेन भोपाल के 10 किसानों को सम्मान निधि की राशि चेक के जरिए प्रदान की गई। कार्यक्रम में नगरीय प्रशासन मंत्री भूपेंद्र सिंह, विधायक रामेश्वर शर्मा समेत बड़ी संख्या में आसपास के किसान और राजस्व विभाग के अधिकारी कर्मचारी व अन्य लोग मौजूद थे।
नुकसान की भरपाई भी सरकार करेगी
मुख्यमंत्री ने कहा कि अभी हाल के दिनों में प्राकृतिक आपदा के तौर पर भारी बारिश से कई जिलों में काफी क्षति हुई है, उस क्षति का सर्वे करा रहे हैं, किसानों को कोई भी समस्या नहीं आएगी। नुकसान की भरपाई सरकार करेगी। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों के लिए अनेकों योजनाएं चला रही है। उन्हें चिंता करने की जरूरत नहीं है। सरकार विविधीकरण फसल के लिए किसानों को प्रोत्साहित कर रही है। पहले एक दो फसल ही होती थी, अब 3-3 फसल हो रही है। पहले सोयाबीन बोए, सोयाबीन कटने के बाद गेहूं उसके बाद मूंग की खेती करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि मूंग की कीमत बाजार में जब 5000 क्विंटल हो गई तो मामा को लगा कि इससे किसानों को नुकसान होगा मैंने 7000 रूपए क्विंटल में मूंग की खरीदी की। उसकी भरपाई सरकार किसानों को कर रही है।
मुख्यमंत्री की अपील, केवल गेहूं ही न बोए किसान
मुख्यमंत्री ने किसानों से अपील की कि वह सिर्फ गेहूं की फसल ही न बोए, बल्कि अनेकों तरह की खेती करें। सरकार उन्हें हर संभव सुविधाएं मुहैया करा रही है। विविधीकरण खेती से आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। प्रधानमंत्री मोदी की खेती को लाभ का धंधा बनाने की योजना को भी मूर्त रूप मिलेगा। अब तो चंदन की खेती, बांस की खेती, औषधिय कृषि खेती भी कर सकते हैं। सरकार प्रोसेसिंग कर किसानों को ज्यादा पैसा देगी।
डीएपी की कीमत 2 गुना हुई तो केंद्र सरकार ने दे दी सब्सिडी
मुख्यमंत्री ने कहा कि डीएपी का उत्पादन विदेशों में ज्यादा होता है, विदेश में कीमत बढ़ी तो कीमत दोगुना हो गई, ऐसे में प्रधानमंत्री ने 1200 प्रति बोरी की सब्सिडी देना शुरू किया। अब डीएपी पुरानी ही कीमत पर मिलेगी। सरकार को आप सभी की चिंता है। आप को किसी भी कीमत पर घाटा नहीं होने देंगे। जितनी भी खाद की जरूरत पड़ेगी, सरकार मुहैया कराएगी। उन्होंने कहा कि शिप आने में देरी होती है, पर यह न सोचे कि खाद की कमी हो गई है, सरकार पूरी मानिटरिंग कर रही है, धैर्य रखें उपलब्धता बनाने में देरी हो सकती है, पर समस्या नहीं आएगी।
10 किसानों को सम्मान निधि का चेक प्रदान किया
मुख्यमंत्री चौहान ने मुख्यमंत्री सम्मान निधि की राशि का चुनिंदा 10 किसानों को प्रतीक स्वरूप चेक प्रदान किया। इसमें सीहोर के राम किशोर परमार, नंदकिशोर परमार, विदिशा की सावित्रीबाई, रायसेन के मचल सिंह, भोपाल के धर्मेंद्र मैथिल, भोपाल के ही हरीश सिंह, हुजूर भोपाल की द्रौपदी बाई, अंकित लोधी और सीताराम नरवरिया को दो 2 2 हजार रुपए का चेक प्रदान किया गया। इन किसानों ने हरिभूमि से चर्चा में कहा कि पहली बार कोई सरकार किसानों की चिंता कर रही है। इससे पहले कभी भी हमें इतनी राशि नहीं मिलती थी। पहले एक एक पैसे की समस्या आती थी, अब हमारी समस्या दूर हो जा रही है। मुख्यमंत्री ने किसानों की चिंता करके सारी समस्या का समाधान कर दिया है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS