शासकीय और गैर शासकीय अस्पतालों का तत्काल फायर सेफ्टी ऑडिट हो: शिवराज

भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने निर्देश दिए हैं कि सभी शासकीय और गैर शासकीय अस्पतालों का तत्काल फायर सेफ्टी ऑडिट कराया जाए। उन्होंनें कहा कि कोविड-19 परिणाम स्वरूप कई अस्पतालों में ऑक्सीजन की व्यवस्था के लिए ऑक्सीजन लाइन बिछाई गई हैं, इससे अस्पतालों में फायर सेफ्टी ऑडिट की और अधिक जरूरत हो जाती है। हमें वह सभी उपाय करने होंगे जिससे कमला नेहरू अस्पताल जैसी घटना का दोहराव ना हो। मुख्यमंत्री चौहान मंत्रालय में वंदे मातरम के गान के साथ आरंभ हुई मंत्रिपरिषद की बैठक में बोल रहे थे।
बच्चों को बचाना हमारी जिम्मेदारी, दोषियों को नहीं बख्शेंगे
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि भोपाल के कमला नेहरू अस्पताल में कल रात हुई हृदय विदारक घटना से मन और आत्मा व्यथित है। उन्होंने कहा कि जो बच्चे अस्पताल में थे वह हमारे संरक्षण में थे, उनकी जान बचाना हमारी जिम्मेदारी थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बहुत गंभीर घटना है। यह आपराधिक लापरवाही है। जांच के निर्देश दे दिए गए हैं जो भी दोषी होगा उस पर सख्त एक्शन लिया जाएगा।
बच्चों को बचाने वालों का सम्मान होगा
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि जिन लोगों ने अपनी जान हथेली पर रखकर अपनी जान की बाजी लगाकर 36 बच्चों को सुरक्षित निकाला है, उनका सम्मान किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने उन सभी को धन्यवाद दिया। चौहान ने दिवंगत आत्माओं की शांति की प्रार्थना ईश्वर से की और कहा कि इन बच्चों के परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। घटना में जो घायल हुए हैं उन्हें शीघ्र स्वास्थ्य लाभ हो यही कामना है। चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग की कर्तव्यनिष्ठा की प्रशंसा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सारंग घटना की सूचना प्राप्त होते ही घटनास्थल पर पहुंचे और तत्काल राहत कार्य में समन्वय किया। मुख्यमंत्री ने पुलिस प्रशासन डॉक्टरों की टीम को त्वरित एक्शन लेने और बच्चों की जान बचाने के लिए आभार व्यक्त किया।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS