मध्यप्रदेश के राजनीतिक इतिहास में अनूठा अवसर: निकाय चुनाव लड़ रहे भाजपा के सभी प्रत्याशियों ने रोपा विकास का पौधा

भोपाल। शुक्रवार का दिन मध्य प्रदेश के राजनीतिक इतिहास में अनूठे अवसर के रूप में दर्ज हो गया। प्रदेश के 16 नगर निगम, 76 नगर पालिकाओं और 255 नगर पंचायतों में चुनाव लड़ रहे भाजपा के प्रत्याशियों ने विकास का एक पौधा रोपकर अपने शहर को स्वच्छ, सुरक्षित, सुंदर और हराभरा बनाने का संकल्प लिया। पार्टी प्रत्याशियों के इस संकल्प का साक्षी बना राजधानी भोपाल का स्मार्ट पार्क, जहां आयोजित मुख्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, संगठन महामंत्री हितानंद सहित पार्टी नेताओं, पदाधिकारियों, महापौर एवं पार्षद प्रत्याशियों ने पौधे रोपे और मुख्यमंत्री के साथ ग्रीन संकल्प लिया। प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने अपने निवास पर ही पौधा रोपा। प्रदेश के अन्य सभी नगर निकायों के प्रत्याशी, केंद्रीय मंत्रीगण एवं पार्टी नेता, सांसद, विधायक, प्रदेश सरकार के मंत्री इस कार्यक्रम से वर्चुअली जुड़े।
प्रधानमंत्री के संकल्प को पूरा करेंगे
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि आज का यह कार्यक्रम एक अनूठी घटना है। प्रदेश के होने वाले पार्षद, महापौर, नगर पालिका और नगर परिषदों के अध्यक्ष अपने शहर को हरा-भरा रखने और पर्यावरण को सुरक्षित रखने का संकल्प ले रहे हैं। 6 तारीख को होने वाले मतदान से पहले हमारे प्रत्याशी यह संकल्प ले रहे हैं और वे जनप्रतिनिधि के रूप में अपने वार्ड, अपने शहर को, प्रदेश को हरा-भरा बनाकर प्रधानमंत्री के स्वच्छ पर्यावरण के अभियान को पूरा करेंगे। चौहान ने कहा कि पेड़ पर्यावरण की रक्षा करते हैं, विकास के प्रतीक हैं और अनेक पक्षियों तथा कीटों को जीवन देते हैं। इसीलिए हमारे प्रत्याशी प्रतीकात्मक रूप से एक पौधा रोपकर यह संकल्प ले रहे हैं।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS