उप्र चुनाव: लीजिए, कांग्रेस स्टार प्रचारकों की सूची में भी मप्र के इन वरिष्ठ नेताओं को जगह नहीं

भोपाल। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने अपने 30 स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी। भाजपा की तरह इस सूची में भी मप्र से एक भी नेता का नाम शामिल नहीं है, जबकि छत्तीसगढ़ से भूपेश बघेल के साथ फूलोदेवी नेताम और राजस्थान से अशोक गहलोत के साथ सचिन पायलट तक का नाम है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह उत्तरप्रदेश कांग्रेस के प्रभारी रह चुके हैं और कमलनाथ प्रदेश के मुख्यमंत्री के साथ केंद्रीय मंत्री, लेकिन इन दोनों के नाम भी स्टार प्रचारकों में शामिल नहीं है। यही स्थिति 19 जनवरी को जारी भाजपा की सूची में भी थी। मप्र से एक भी नेता का नाम नहीं था, जबकि केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर उप्र का काम देख चुके हैं। उमा भारती का कार्यक्षेत्र उप्र रहा है और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान हैं ही, भाजपा के राष्ट्रीय चेहरा।
पहले कांग्रेस हमलावर थी, अब भाजपा
उप्र विधानसभा चुनाव के स्टार प्रचारकों के मामले में भाजपा और कांग्रेस की स्थिति एक जैसी है। जब भाजपा की सूची आई और प्रदेश भाजपा के एक भी नेता का नाम उसमें नहीं था, तब कांग्रेस ने चुटकी ली थी। प्रदेश कांग्रेस के मीडिया समन्वयक नरेंद्र सलूजा ने कहा था कि नेतृत्व ने प्रदेश भाजपा के एक भी नेता को इस लायक नहीं समझा। अब कांग्रेस का कोई नेता सूची में नहीं है तो प्रदेश भाजपा प्रवक्ता उमेश शर्मा ने कहा कि कांगे्रस नेतृत्व ने कमलनाथ और दिग्विजय सिंह को आपस में लड़ने के लिए अपने हाल में छोड़ दिया है। इस तरह भाजपा-कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला जारी है।
अगले चरण में जगह मिलना संभव
पहले भाजपा ने कहा था कि यह पहले चरण के स्टार प्रचारकों की सूची है। अगले चरण में प्रदेश भाजपा के नेता शामिल किए जाएंगे। यही बात कांग्रेस की ओर से कही जा रही है कि अगले चरण में कमलनाथ, दिग्विजय सिंह जैसे नेताओं के नाम शामिल किए जा सकते हैं। यह सच भी है। उप्र विधानसभा चुनाव चूंकि सात चरणों में होना है इसलिए अगले चरणों में मप्र के नेताओं का उपयोग किया जा सकता है।
------------
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS