V. D. Sharma : कांग्रेस के झूठे वादे के कारण डिफाल्टर हो गए थे प्रदेश के किसान

भोपाल।भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि कांग्रेस के झूठे वादे के कारण प्रदेश के जो किसान डिफाल्टर हो गए थे, उन्हें मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान की सरकार ने 2200 करोड़ रुपए भरकर नॉन डिफाल्टर बनाया, ताकि उनका सम्मान बहाल हो सके। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री चौहान की सरकारें मिलकर लगातार विभिन्न योजनाओं के जरिए लोगों का जीवन बदलने का अभियान चला रही हैं। इसी का परिणाम है कि प्रदेश के 1.36 करोड़ लोग गरीबी रेखा से ऊपर आ चुके हैं।
स्वर्णिम मप्र बनाएगी
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष शर्मा शुक्रवार काे प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रेम शुक्ला, वीके शर्मा, पैनलिस्ट राकेश त्रिपाठी एवं प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल उपस्थित रहे। शर्मा ने आशा जताई कि भाजपा की सरकार ने बीमारू मप्र को विकसित राज्य बनाया है और अब डबल इंजन वाली सरकार प्रदेश को स्वर्णिम मप्र बनाएगी।
कांग्रेस ने छीना गरीबों का हक
शर्मा ने कहा कि 15 महीने की कमलनाथ सरकार ने गरीबों का हक छीनने का काम किया था। प्रधानमंत्री मोदी की सरकार ने प्रदेश के 2 लाख गरीबों के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना में मकान स्वीकृत किए थे, लेकिन कमलनाथ की सरकार ने मैचिंग ग्रांट न होने का बहाना बनाकर वो मकान लौटा दिए। पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटलजी की सरकार ने गांव-गांव को सड़कों से जोड़ा। शर्मा ने कहा कि इसी योजना के तहत भाजपा की शिवराज सरकार ने 64 लाख परिवारों तक नल से जल पहुंचा दिया है और 2024 तक हर घर में नल से जल पहुंचाने का लक्ष्य रखा है। वहीं शर्मा ने कहा कि कांग्रेस की वर्तमान लीडरशिप थकी हुई लीडरशिप है और कांग्रेस अपना अस्तित्व खो चुकी है। कांग्रेस के नेताओं ने प्रियंका गांधी को भी झूठा साबित कर दिया। प्रियंका गांधी ने ग्वालियर में सभा के दौरान भाजपा सरकार पर आरोप लगाए थे, लेकिन वो आरोपों की लिस्ट ही गायब हो गई। बाद में प्रियंका गांधी, जयराम रमेश, कमलनाथ और दिग्विजयसिंह ने भी झूठे ट्वीट किए, लेकिन वो आरोप निराधार निकले।
15 महीने कहां थे राहुल गांधी?
प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री कमलनाथ के पीए मिगलानी और मि. कक्कड़ के यहां जब छापे पड़े तो 81 करोड़ रुपए मिले थे। राहुल गांधी से प्रदेश की जनता यह पूछना चाहती है कि उन 15 महीनों में जब करप्शननाथ की सरकार भ्रष्टाचार के रिकॉर्ड बना रही थी, तब वो कहां थे? क्यों उन्होंने एक बार भी मप्र की तरफ पलटकर नहीं देखा?
महिला उत्पीड़न की घटनाओं से उजागर हो रहा कांग्रेस का मूल चरित्र
शर्मा ने कहा कि बेटियों, बहनों के लिए भाजपा की सरकारों ने अनेक योजनाएं लागू की हैं। केंद्र सरकार ने बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना लागू की है, तो मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की सरकार ने लाड़ली लक्ष्मी और लाड़ली बहना योजनाएं लागू की हैं। ये योजनाएं प्रदेश में सामाजिक परिवर्तन ला रही है और मध्यप्रदेश में सेक्स रेश्यो 948 से बढ़कर 970 हो गया है। दूसरी तरफ कांग्रेस के नेता लगातार ऐसी हरकतें कर रहे हैं, जिनसे उनका मूल चरित्र ही उजागर हो रहा है। बड़नगर के एमएलए मुरली देवड़ा के खिलाफ कांग्रेस की एक नेत्री ने जो आरोप लगाए, पूरे प्रदेश को पता है।
कांग्रेस में अंग्रेजों के जींस, इसलिए करती है संस्कृति पर हमला
शर्मा ने कहा कि दोहरे चरित्र वाली कांग्रेस वोट बैंक और तुष्टिकरण की राजनीति करती रही है। कांग्रेस में आज भी अंग्रेजों के जींस हैं, इसलिए वह देश की संस्कृति पर हमला करती है। उन्होंने कहा कि आज सारी दुनिया भारत को सम्मान दे रही है। हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दुनिया के 11 देशों ने अपने सर्वोच्च पुरस्कार से सम्मानित किया है। आज सारी दुनिया भारत के नेतृत्व को मान रही है। ऐसे समय में राहुल गांधी विदेशों में जाकर भारत की छवि को खराब करने का प्रयास करते हैं। कमलनाथ कहते हैं भारत महान नहीं, बदनाम है।
© Copyright 2025 : Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS
-
Home
-
Menu
© Copyright 2025: Haribhoomi All Rights Reserved. Powered by BLINK CMS