भाजपा नेताओं से वन टू वन कर रहे हैं वीडी-सुहास, जानिए क्यों

भाजपा नेताओं से वन टू वन कर रहे हैं वीडी-सुहास, जानिए क्यों
X
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा एवं संगठन महामंत्री सुहास भगत ने उप चुनाव वाले क्षेत्रों के प्रमुख नेताओं से वन टू वन कर रहे हैं। उद्देश्य है उप चुनाव की तैयारी और जीतने वाले प्रत्याशी की खोज

भोपाल। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद वीडी शर्मा और प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत उपचुनाव क्षेत्र के सांसद, विधायक पद के दावेदारों और संबंधित सीट के प्रमुख पदाधिकारियों के साथ वन टू वन कर रहे हैं। प्रदेश भाजपा कार्यालय मे चल रही महत्वपूर्ण बैठक के जरिए पार्टी ने यह संदेश दिया है कि टिकट चाहे किसी को मिले, लेकिन सभी को पार्टी का निर्णय शिरोधार्य मानकर भाजपा को चुनाव जिताना है।

भारतीय जनता पार्टी के उपचुनाव वाले क्षेत्रों के प्रतिनिधियों और दावेदारों की महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन शुक्रवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में किया जा रहा है।सुबह 11 बजे शुरू हुई यह बैठक शाम तक चलेगी। बैठक में खंडवा लोकसभा सीट के साथ ही प्रदेश के तीन विधानसभा सीटों रैगांव, जोबट और पृथ्वीपुर-निवाड़ी क्षेत्र के दावेदार प्रमुख रूप से पहुंचे हैं। बैठक में खंडवा सीट से पूर्व मंत्री अर्चना चिटनीस, हर्ष सिंह चौहान, पालीवाल सहित कुछ अन्य दावेदारों ने पार्टी के समक्ष अपना पक्ष रखा है।

पदाधिकारियों से ले रहे रिपोर्ट

आज की बैठक के लिए संबंधित सीट के दावेदारों के अलावा सीट से संबंधित पार्टी जिलाध्यक्ष, जिला महामंत्री, विधानसभा के संगठन प्रभारी, मंडल अध्यक्ष, पूर्व विधायकों को बुलाया गया है। बैठक में प्रत्येक दावेदार सहित जिलाध्यक्षों व सीट प्रभारी से प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा और संगठन महामंत्री सुहास भगत द्वारा वन टू वन किया जा रहा है। पदाधिकारियों से अब तक की तैयारियां भी पूछी जा रही हैं।

कल से प्रदेश प्रभारी करेंगे दौरा

शनिवार से भाजपा प्रदेश प्रभारी पी मुरलीधर राव चुनाव क्षेत्रों में दौरे शुरू करेंगे। इस दौरान राव सीधे ग्राउंड लेवल पर पहुंच कर फीडबैक लेंगे। इसके बाद प्रत्याशी चयन को लेकर भाजपा की प्रदेश चुनाव समिति की बैठक आयोजित की जाएगी। माना जा रहा है खंडवा सीट का फैसला केंद्रीय नेतृत्व पर छोड़कर विस सीटों का निर्णय भोपाल में ही हो जाएगा। सिर्फ सिंबल की औपचारिकता के लिए नाम दिल्ली भेजे जाएंगे।

Tags

Next Story